अमरोहा
यूकेलिप्टस के पेड़ पर लटका मिला विवाहिता का शव
परिजनों ने दहेज हत्या का लगाया आरोप , दो दिन पहले पति ने की थी मारपीट

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : जनपद की हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव रुद्रपुर में एक 25 वर्षीय विवाहिता का शव यूकेलिप्टस के पेड़ से लटका मिला। मृतका की पहचान सोनू की पत्नी पिंकी के रूप में हुई है। वह मंगलवार दोपहर से लापता थी। बुधवार दोपहर जंगल में घास काट रही महिलाओं ने उसका शव खेत में यूकेलिप्टिस के पेड़ से दुपट्टे के सहारे लटका देखा। उन्होंने तुरंत शोर मचा दिया। सूचना मिलने पर मृतका के मायके और ससुराल पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए।मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर पिंकी की हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। मृतका की बहन गीता ने बताया कि सोमवार को पिंकी ने फोन पर पति द्वारा मारपीट की शिकायत की थी। उसने उसे वहां से ले जाने के लिए भी कहा था।मृतका पिंकी की शादी 4 साल पहले हुई थी। उसके पिता डोरी सिंह ने आरोप लगाया कि बेटी हत्या की दहेज के लिए की गई है। ससुराल वाले दहेज में दो लाख रुपए की मांग कर रहे थे। घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।पिंकी अपने पीछे एक आठ माह की बेटी काव्या को छोड़ गई है। सूचना मिलने पर हसनपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।कोतवाल दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि परिजनों द्वारा दी गई तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



