ललितपुर
रामलीला केनौवें दिन अंगद ने रावण के दरबार में जमाया पैर, लक्ष्मण हुए मूर्छित
हनुमानजी द्रोणागिरी पर्वत से संजीवनी बूटी लाकर बचाए लक्ष्मण के प्राण

रामेश्वर स्थापना के साथ हुआ भव्य मंचन
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। कस्बा बांसी के श्री हनुमानजी टौरिया मंदिर मेला मैदान में स्थानीय कलाकारों द्वारा आयोजित रामलीला महोत्सव के नौवें दिन बुधवार को भगवान श्रीराम की समुद्र तट पर रामेश्वर स्थापना से लेकर लक्ष्मण के मूर्छित होने और हनुमान जी द्वारा संजीवनी बूटी लाने तक की लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। कलाकारों के सजीव अभिनय ने दर्शकों को रामायण के प्रसंगों से भावविभोर कर दिया। रामलीला मंचन के दौरान भगवान श्रीराम ने समुद्र तट पर भगवान रामेश्वर की स्थापना की। इसके बाद वानर-भालुओं ने नल-नील की सहायता से समुद्र पर पुल का निर्माण किया। पुल निर्माण के पश्चात भगवान श्रीराम ने रावण को समझाने और युद्ध टालने के उद्देश्य से अंगद को लंका भेजा। रावण के दरबार में पहुंचकर अंगद ने रावण को सीता माता को सम्मानपूर्वक वापस करने और भगवान श्रीराम की शरण में आने की सलाह दी, लेकिन अहंकार में डूबे रावण ने उनकी बात नहीं मानी। इस पर अंगद ने रावण के दरबार में अपना पैर जमा दिया और चुनौती दी कि यदि कोई उनका पैर हिला दे तो भगवान श्रीराम पराजय स्वीकार कर लेंगे। रावण के दरबार में मौजूद कोई भी योद्धा अंगद का पैर हिला नहीं सका। इस प्रसंग का मंचन देखकर दर्शकों ने जय श्रीराम के जयकारे लगाए। रावण के समझौते से इनकार करने के बाद राम-रावण युद्ध प्रारंभ हो गया। रावण ने अपने पुत्र मेघनाद को युद्ध के लिए भेजा। युद्ध के दौरान मेघनाद ने वीरघातिनी शक्ति का प्रहार कर लक्ष्मण को मूर्छित कर दिया। लक्ष्मण को मूर्छित देखकर भगवान श्रीराम व्याकुल हो उठे। इसके बाद हनुमान जी लंका से सुषेण वैद्य को राम दल में लेकर आए। सुषेण वैद्य ने लक्ष्मण के प्राण बचाने के लिए संजीवनी बूटी लाने की सलाह दी। हनुमान जी संजीवनी बूटी लेने द्रोणागिरी पर्वत की ओर रवाना हुए। रास्ते में रावण द्वारा भेजे गए कालनेमि ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन हनुमान जी ने उसका वध कर दिया। द्रोणागिरी पर्वत पर संजीवनी बूटी की पहचान न कर पाने पर हनुमान जी पूरा पर्वत ही उठा लाए। रास्ते में भरत के बाण से हनुमान जी नीचे गिर पड़े। जब भरत को पता चला कि हनुमान जी भगवान श्रीराम के दूत हैं और लक्ष्मण के प्राण बचाने के लिए संजीवनी लेकर जा रहे हैं, तो उन्होंने राम की सौगंध देकर हनुमान जी की मूर्छा दूर की। इसके बाद हनुमान जी राम दल पहुंचे, जहां सुषेण वैद्य ने संजीवनी बूटी से लक्ष्मण की मूर्छा दूर कर उनके प्राण बचाए। रामलीला महोत्सव के नौवें दिन गायत्री परिवार की स्थानीय शाखा के सदस्यों द्वारा मंच पर सामूहिक रूप से भगवान रामेश्वर की पूजा-अर्चना भी की गई। धार्मिक प्रसंगों के मंचन और भक्ति भाव से परिपूर्ण वातावरण में श्रद्धालु देर तक रामलीला का आनंद लेते रहे।



