शामली
गृहमंत्री अमित शाह की पदयात्रा के चलते 24 घंटे बंद रहा हरियाणा बॉर्डर
मेरठ-करनाल हाईवे पर लगा लंबा जाम

बिडौली पुल पर भारी वाहनों की आवाजाही पर लगाई गई रोक, ट्रकों में रात गुजारने को मजबूर हुए चालक, खाने-पीने की भी हुई परेशानी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
झींझाना । हरियाणा में बृहस्पतिवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की पदयात्रा को देखते हुए यूपी-हरियाणा बॉर्डर पर भारी वाहनों की आवाजाही 24 घंटे के लिए बंद कर दी गई। यूपी प्रशासन की ओर से बिडोली पुल पर बुधवार शाम आठ बजे से बृहस्पतिवार शाम आठ बजे तक यूपी की ओर से हरियाणा में प्रवेश करने वाले भारी वाहनों को रोक दिया गया। इसके चलते मेरठ-करनाल हाईवे पर दोनों ओर भारी वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और जाम की स्थिति बनी रही।हालांकि, बिडोली पुलिस की ओर से हल्के वाहनों को लगातार निकलवाया जाता रहा, लेकिन भारी वाहनों को बॉर्डर पर ही रोक दिए जाने से ट्रक और अन्य बड़े वाहन हाईवे पर खड़े रहे। अचानक लगी इस रोक के चलते ट्रक चालकों को पूरी रात अपने वाहनों में ही गुजारनी पड़ी। इस दौरान चालकों को खाने-पीने और अन्य जरूरी सुविधाओं के लिए भी परेशानियों का सामना करना पड़ा।बृहस्पतिवार शाम आठ बजे तक प्रतिबंध लागू रहने के कारण हाईवे पर भारी वाहनों का दबाव बना रहा। पदयात्रा के मद्देनजर की गई यातायात व्यवस्था का असर यूपी-हरियाणा बॉर्डर से गुजरने वाले वाहन चालकों पर साफ दिखाई दिया।



