अमरोहा
रामलीला में मारपीट में घायव युवक की मौत
मेरठ में इलाज के दौरान तोड़ा दम, परिजनों ने किया हंगामा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा के नौगावां सादात थाना क्षेत्र में रामलीला के दौरान हुई मारपीट में एक युवक की मौत हो गई। घटना बीबड़ा कलां गांव की है। 12 सितंबर की रात सोमपाल का 23 वर्षीय बेटा आकाश रामलीला देखने आया था। आकाश एक ठेले पर पकौड़ी खाने गया था। वहां खड़े तीन युवकों से उसकी कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर तीनों ने आकाश पर हमला कर दिया। आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजन गंभीर रूप से घायल आकाश को सरकारी और निजी अस्पताल ले गए। चिकित्सकों ने हालत नाजुक देखते हुए उसे मेरठ रेफर कर दिया। मेरठ के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान आकाश की मौत हो गई। शव लेकर नौगावां सादात पहुंचे परिजनों ने पोस्टमार्टम के बाद तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने जमना खास चौकी का घेराव किया। सीओ अवधभान सिंह भदौरिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन देकर स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद परिजन शव का अंतिम संस्कार करने को तैयार हुए। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।



