विधायक निसात आलम व उपायुक्त ने नगर परिषद स्थित आरोग्य मंदिर का किया उद्घाटन
MLA Nisat Alam and Deputy Commissioner inaugurated the Arogya Mandir located in the Municipal Council.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़ विधायक निसात आलम एवं उपायुक्त मनीष कुमार के कर-कमलों द्वारा नगर परिषद, पाकुड़ स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर (कालिकापुर) का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। उद्घाटन के उपरान्त विधायक एवं उपायुक्त ने अपना बीपी जांच भी कराया तथा स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता का अवलोकन किया। कार्यक्रम के अवसर पर स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें 100 से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य जांच कराई। इस अवसर पर विधायक निसात आलम ने कहा कि आरोग्य मंदिर के शुभारंभ से नगर परिषद क्षेत्र के नागरिकों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं, चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं सुलभ रूप से उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि आमजन तक सस्ती, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि आरोग्य मंदिर में नियमित चिकित्सकीय सेवाएं, दवाइयों की उपलब्धता एवं स्वच्छता की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि यह आयुष्मान आरोग्य मंदिर कालिकापुर के स्थानीय नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने बताया कि यहां डॉक्टर एवं मेडिकल स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी, जिससे लोगों को अब प्रारंभिक उपचार एवं आवश्यक जांच के लिए सदर अस्पताल जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। नगर परिषद द्वारा संचालित यह आरोग्य मंदिर स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जिस प्रकार जिले के अन्य आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का नियमित एवं सफल संचालन किया जा रहा है, उसी प्रकार यह आरोग्य मंदिर भी स्थानीय नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध होगा। इसके अलावा माननीय विधायक व उपायुक्त ने जरूरत मंद लोगों के बीच कंबल का वितरण किया।



