
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज में देहदान का संकल्प लेने वाले महादानियों को सम्मानित करने के लिए देह से दिव्यता तक कार्यक्रम आयोजित हुआ। एसआरएमएस में देहदान का शपथ पत्र देने वाले लोगों में से 21 आधुनिक महर्षि दधीचियों को इसमें सम्मानित किया गया। सभी ने देहदान को महादान बताया और समाजहित में अधिक से अधिक लोगों को खुद से प्रेरणा लेने पर जोर देते हुए देहदान के लिए प्रेरित किया। इस कार्यक्रम से पहले एमबीबीएस बैच 2025 के विद्यार्थियों ने एनाटॉमी विभाग में कैडेवरिक शपथ लेकर मानव शरीर को अपनी चिकित्सा शिक्षा का प्रथम गुरु मानते हुए उसे सम्मान और गरिमा के साथ संभालने के संकल्प लिया।
एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज के एनाटॉमी विभाग की ओर से मंगलवार (11 नवंबर 2025) को देहदान का संकल्प लेने वाले आधुनिक महर्षि दधीचियों को सम्मानित किया गया। संस्थान के चेयरमैन देव मूर्ति जी ने अंग वस्त्र, स्मृति चिह्न और सर्टिफिकेट देकर सभी को सम्मानित किया। उनके संकल्प को महान और महादान बताते हुए इसकी प्रशंसा की। कहा कि 87 महर्षि दधीचि अब तक एसआरएमएस में अपनी देहदान कर चुके हैं। जबकि 80 महादानियों ने इसके लिए शपथ पत्र दिया है। देहदान का संकल्प लेना और परिजनों की देह मेडिकल कालेज को सौंपना हिम्मत का काम है। देहदान जैसा महादानी काम करने वाले लोग हमेशा अमर रहेंगे।



