वार्ड-39 में पार्षद अनुष्का अमित यादव की पहल, सैकड़ों जरूरतमंदों को बांटे छाते
एनटीपीसी सीएसआर के सहयोग से हुआ वितरण, बारिश में गरीबों को मिलेगी राहत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। बारिश के मौसम में गरीब और जरूरतमंद लोगों की परेशानी को देखते हुए नगर निगम सिंगरौली के वार्ड क्रमांक-39 की पार्षद अनुष्का अमित यादव ने मानवीय पहल करते हुए सैकड़ों असहाय एवं जरूरतमंद नागरिकों को छातों का वितरण किया। यह कार्यक्रम एनटीपीसी सीएसआर के सौजन्य से आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने पहुंचकर इस पहल की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान पार्षद अनुष्का अमित यादव ने कहा कि बरसात के समय दैनिक मजदूरी करने वाले, बुजुर्गों और जरूरतमंद परिवारों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में उन्हें राहत पहुंचाने के उद्देश्य से छाता वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि जनसेवा और वार्डवासियों की आवश्यकताओं का ध्यान रखना उनकी प्राथमिकता है।
छाता प्राप्त करने वाले लाभार्थियों के चेहरे पर खुशी नजर आई। उन्होंने इस सहयोग के लिए पार्षद और एनटीपीसी सीएसआर टीम का आभार व्यक्त किया। स्थानीय नागरिकों ने कहा कि इस तरह की पहल से जरूरतमंद परिवारों को काफी मदद मिलती है और जनप्रतिनिधियों के प्रति विश्वास बढ़ता है।
कार्यक्रम में वार्ड के कई गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर पार्षद पति अमित यादव ने कहा कि जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए आगे भी इस तरह के जनहितकारी कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वार्डवासियों की समस्याओं के समाधान और उनकी सुविधाओं को बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रयास जारी रहेगा।छाता वितरण कार्यक्रम को क्षेत्र में जनसेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की दिशा में एक सराहनीय कदम माना जा रहा है।



