गोड्डा
पुलिस अधीक्षक द्वारा महागामा थाना का व्यापक निरीक्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
महागामा। पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने महागामा थाना का व्यापक निरीक्षण किया। उनके आगमन पर थाना परिसर में पुलिस बल द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर देकर औपचारिक स्वागत किया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न शाखाओं का दौरा करते हुए कार्यप्रणाली, दस्तावेजों के संधारण और कार्रवाई की स्थिति की गहन जांच–पड़ताल की।निरीक्षण के क्रम में उन्होंने सिरिस्ता शाखा में अभिलेखों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। साथ ही थाना में पदस्थापित पुलिस पदाधिकारी एवं जवानों के कार्य निष्पादन, उनकी ड्यूटी प्रणाली, रिकॉर्ड मेंटेनेंस तथा कार्यालय संचालन की भी समीक्षा की। पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर की साफ–सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और आने–जाने वाले आम जनता के लिए उपलब्ध सुविधाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने लंबित कांडों की प्रगति, अभियुक्तों की गिरफ्तारी, वारंट निष्पादन, पेट्रोलिंग व्यवस्था, गश्ती टीम की सक्रियता और थाने में दर्ज हालिया शिकायतों के निष्पादन पर भी विस्तृत चर्चा की। पुलिस अधीक्षक ने कांडों के त्वरित निपटारे, जनता से व्यवहार सुधारने, बेहतर कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा अनुशासन में और मजबूती लाने को लेकर आवश्यक दिशा–निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पदाधिकारियों को विशेष रूप से अपराध नियंत्रण, असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने, रात्रि गश्ती को सुदृढ़ बनाने और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि थाने का कार्य आम लोगों की सुरक्षा और विश्वास से जुड़ा है, इसलिए हर शिकायत का समयबद्ध और निष्पक्ष निपटारा सुनिश्चित किया जाना चाहिए। मौके पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंद्रशेखर आज़ाद, पुलिस निरीक्षक उपेंद्र कुमार महतो, थाना प्रभारी मनोज कुमार पाल सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।




