
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। समर सीजन में ट्रेनों में भीड़ बढ़ने के साथ चोर उचक्कों के गैंग भी सक्रिय हैं।
लिहाजा इन पर लगाम कसने के लिए जीआरपी की टीमें बदमाशों की धरपकड़ में लगी हैं। जीआरपी बरेली जंक्शन की टीम ने दो ऐसे शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है, जो ट्रेनों में पान मसाला बेचने के बहाने चढ़ते और फिर सफर करने वाले यात्रियों का कीमती सामान पलक झपकते ही गायब कर देते थे। पूर्व में भी दोनों चोरों पर आधा दर्जन से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर एक से मंगलवार को कमलेश और छोटेलाल नाम के दो युवकों को गिरफ्तार किया गया। जीआरपी प्रभारी निरीक्षक परवेज अली खान ने बताया कि पकड़े गए दोनों चोर ट्रेनों के अंदर पान मसाला, सिगरेट बेचने के बहाने से चढ़ते थे। मौका मिलते ही यात्रियों को निशाना बनाते थे उन्होंने बताया कि दोनों चोरों पर पीलीभीत और जीआरपी बरेली जंक्शन पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया है।



