बरेली
एमजेपी रोहिलखंड विश्वविद्यालय में योगा मैराथन 1.5″ का भव्य आयोजन किया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली : एमजेपी रोहिलखंड विश्वविद्यालय में आज “योगा मैराथन 1.5” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत रंग-बिरंगे गुब्बारों को आकाश में छोड़कर की गई, जो शांति, स्वास्थ्य और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक । इसके पश्चात मुख्य संजीव अग्रवाल (विधायक, बरेली कैंट) एवं विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. के. पी. सिंह ने शंखनाद और हरी झंडी दिखाकर योगा मैराथन का विधिवत शुभारंभ किया।
यह मैराथन विश्वविद्यालय के गेट नंबर 2 (कुलपति निवास के समीप) से आरंभ होकर गेट नंबर 3 (रोहिलखंड इनक्यूबेशन फाउंडेशन भवन के समीप) तक सम्पन्न हुई। मुख्य अतिथि संजीव अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा, “योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की एक समृद्ध परंपरा है, जो शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का माध्यम है। यह मानव जीवन को स्वस्थ, संयमित और संतुलित बनाता है। 4 जून से 21 जून तक विश्वविद्यालय द्वारा योग सप्ताह के अंतर्गत विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें 20 जून को “ज्ञान और अनुभव का संगम” विषय पर अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित होगी, जिसमें 10 से अधिक देशों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। वहीं 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय एवं उसके संबद्ध महाविद्यालयों से लगभग 51,000 प्रतिभागी सामूहिक सूर्य नमस्कार करेंगे, जो एक संभावित गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड होगा। कुलसचिव संजीव कुमार सिंह के निर्देशन में विश्वविद्यालय परिसर तथा सभी महाविद्यालयों में योग के प्रचार-प्रसार हेतु विविध जागरूकता कार्यक्रमों का सफल संचालन किया जा रहा है।
इस अवसर पर मुख्य वार्डन प्रो. अशोक कुमार सिंह, मुख्य प्रॉक्टर श्री रविन्द्र सिंह, छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. पी. बी. सिंह, प्रो. निवेदिता श्रीवास्तव, सांस्कृतिक समन्वयक डॉ. ज्योति पांडेय सहित अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। मंच संचालन डॉ. इरम नईम ने प्रभावी रूप से किया।



