गाजियाबाद

तांत्रिक के कहने पर दोस्त की बलि

ऑटो चालक की जघन्य हत्या का खुलासा, दो गिरफ्तार, एक फरार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

लोनी गाजियाबाद : ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र के अगरौला गांव के जंगल में हुए ऑटो चालक नवीन कुमार की नृशंस हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने मृतक के दो दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है। आरोप है कि तांत्रिक के बहकावे में आकर मालामाल होने की लालच में दोस्तों ने नवीन की गैस सिलेंडर से पीट-पीटकर हत्या कर दी।

एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम के अनुसार, बुधवार सुबह अगरौला गांव के जंगल में बंजर जमीन पर एक जला हुआ ऑटो मिला था, जिसके भीतर एक शव बरामद हुआ। शव पूरी तरह झुलसा हुआ था। बाद में मृतक की पहचान अंकुर विहार थाना क्षेत्र निवासी 35 वर्षीय नवीन कुमार के रूप में हुई, जिसकी शिनाख्त उसके छोटे भाई नितिन ने की।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने तीन विशेष टीमों का गठन किया। शनिवार सुबह चेकिंग अभियान के दौरान ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र के पंचलोक गेट के पास से दो आरोपियों को दबोच लिया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में निशांत कॉलोनी निवासी पवन पुत्र किरणपाल और बागपत के बामनौली गांव निवासी सागर उर्फ पंडित पुत्र सशील शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया बैटरी ऑटो और गैस सिलेंडर भी बरामद किया है। तीसरा आरोपी नसीम फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि मंगलवार रात उन्होंने नवीन के सिर और कमर पर बारी-बारी से गैस सिलेंडर से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद सबूत मिटाने के इरादे से शव और ऑटो को आग के हवाले कर दिया। अगली सुबह पुलिस को घटनास्थल पर जला हुआ ऑटो और शव मिला।
आरोपियों ने यह भी बताया कि वे सभी दिल्ली में एक तांत्रिक के पास गए थे। तांत्रिक ने उन्हें अमीर बनने और ईश्वर का साक्षात्कार पाने के लिए किसी करीबी व्यक्ति की बलि देने की बात कही थी। इसी दौरान नवीन ने तांत्रिक से दोस्त की बलि देने को लेकर सवाल किया, जिसके बाद आरोपियों ने उसे ही रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए फरार आरोपी नसीम की तलाश तेज कर दी गई है। सभी आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और हत्या में प्रयुक्त अन्य साक्ष्यों को भी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस दिल दहला देने वाली घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से आरोपियों को सख्त सजा दिलाने की मांग की है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जांच पूरी कर सभी दोषियों को कानून के कठघरे में खड़ा किया जाएगा।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button