मुरादाबाद

पीएम सूर्य घर योजना में धीमी प्रगति पर डीएम सख्त, शिक्षकों को सोलर पैनल लगाने के आदेश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मुरादाबाद। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम सूर्य घर योजना को गति देने के उद्देश्य से जिले के 104 इंटर कॉलेजों के शिक्षकों के घरों में सोलर पैनल लगाए जाएंगे। इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा विभाग को सख्त निर्देश दिए गए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) देवेंद्र पांडेय ने कार्यालय से वर्चुअल मीटिंग कर सभी राजकीय व अनुदानित इंटर कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को इस योजना में शिक्षकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया।
एक सप्ताह के भीतर सोलर पैनल खरीदकर घरों पर लगवाना होगा
मीटिंग में बताया गया कि शासन ने जिले से प्राप्त पीएम सूर्य घर योजना की प्रगति रिपोर्ट पर नाराजगी जताई है। अब तक लगभग 1200 शिक्षकों में से मात्र 3 से 4 प्रतिशत ने ही योजना में पंजीकरण कराया है, जबकि एक माह पहले प्रधानाचार्यों को इस संबंध में जानकारी दी जा चुकी थी। जिला विद्यालय निरीक्षक ने स्पष्ट किया कि जिन शिक्षकों का स्थायी निवास है, उन्हें एक सप्ताह के भीतर सोलर पैनल खरीदकर घरों पर लगवाना होगा। साथ ही पैनल की फोटो, पंजीकरण की कॉपी और प्रमाण के तौर पर कार्यालय में जमा करनी होगी। इसके अलावा शिक्षकों को अपने पड़ोसियों को भी योजना के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस बैठक में जिले के 50 राजकीय और 54 अनुदानित इंटर कॉलेजों के प्रधानाचार्य शामिल हुए। योजना के प्रचार-प्रसार व क्रियान्वयन में तेजी लाने के लिए शिक्षकों को प्रेरक भूमिका निभाने के लिए कहा गया। शासन स्तर से इस योजना की सख्त मॉनिटरिंग की जा रही है और आने वाले समय में योजना में लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की संभावना से भी इनकार नहीं किया गया है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button