अलवर
अलवर मंडी में कृषक कल्याण फीस के विरोध में दुसरे दिन व्यापार बंद, मुख्य गेट पर धरना, अध्यक्षों ने दी तीखी प्रतिक्रिया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
राजस्थान : खाद्य पदार्थ व्यापार संघ के आव्हान पर अलवर की कृषि उपज मंडी में मंगलवार से व्यापार पूरी तरह ठप रहा। व्यापारियों ने मंडी के मुख्य गेट को बंद कर धरना-प्रदर्शन दिया, जिससे मंडी परिसर और आसपास के इलाकों में जाम की स्थिति बन गई। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आमजन को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
मामले को लेकर मंडी अध्यक्ष सत्य विजय गुप्ता ने मीडिया से बातचीत में कहा कि “कृषक कल्याण फीस का बोझ सीधे व्यापारियों और उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है, जबकि इसका कोई प्रत्यक्ष लाभ किसानों तक नहीं पहुंचता। यह पूरी तरह अन्यायपूर्ण है।” उन्होंने राज्य सरकार से तत्काल फीस को समाप्त करने की मांग की।
वहीं राजस्थान खाद्य पदार्थ व्यापार संघ जयपुर कार्यकारी अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल ने भी आक्रोश जताते हुए कहा कि “राज्य सरकार केवल टैक्स वसूली में रुचि रखती है, लेकिन किसानों और व्यापारियों की समस्याओं की अनदेखी कर रही है। मंडी टैक्स और कृषक कल्याण फीस से व्यापार दम तोड़ रहा है।”
व्यापारियों की मांग है कि राज्य के बाहर से आने वाली कृषि जिन्सों पर मंडी टैक्स और कृषक कल्याण फीस समाप्त की जाए। साथ ही मोटे अनाज जैसे ज्वार, बाजरा, मक्का आदि पर लगने वाला 2.25% शुल्क हटाया जाए।
संघ ने चेतावनी दी है कि कोई निर्णय नहीं हुआ तो आंदोलन और उग्र रूप लेगा। फिलहाल मंडी में कामकाज पूरी तरह ठप है और धरना जारी है। अपनी समस्या को लेकर वन मंत्री संजय शर्मा से सुरेश अग्रवाल जलालपुरिया ,सत्य विजय गुप्ता, विजेंद्र गोयल ,राजेंद्र प्रसाद खंडेलवाल, अमरलाल खंडेलवाल ,विजय अग्रवाल ,गजानंद गुप्ता ,धर्मपाल गुप्ता, ओम प्रकाश गुप्ता, दीपक गुप्ता सहित अन्य व्यापारी मिले जिस पर वन मंत्री संजय शर्मा ने सभी को आश्वासन दिया कि जल्दी से जल्दी आपकी मांगो का निराकरण किया जाएगा



