कैराना में पुलिस की पैदल गश्त, बाजारों में सघन चेकिंग
एसपी एनपी सिंह ने संभाली कमान, संदिग्धों और वाहनों की हुई जांच

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। कानून-व्यवस्था को मजबूत रखने और आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के लिए रविवार को कैराना क्षेत्र में पुलिस ने पैदल गश्त के साथ सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक शामली एनपी सिंह के नेतृत्व में प्रमुख बाजारों, चौराहों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल ने पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहनता से जांच की गई। पुलिस की सक्रिय मौजूदगी के बीच असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखी गई। बाजारों में पहुंचकर पुलिस अधिकारियों ने दुकानदारों, व्यापारियों और आमजन से संवाद भी किया तथा उनकी सुरक्षा संबंधी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली।
पुलिस ने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु अथवा गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी और चेकिंग का सिलसिला लगातार जारी रहेगा।
एसपी एनपी सिंह ने जनपद के सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित पैदल गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
अभियान के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक शामली सुमित शुक्ला, क्षेत्राधिकारी कैराना हेमन्त कुमार सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
