अमेठी

जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ मुसाफिरखाना का अधिवेशन संपन्न,मो असगर अध्यक्ष,राम सुंदर , मंत्री बनाए गए

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो

अमेठी। उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ का त्रिवार्षिक अधिवेशन और चुनाव मंगलवार को सम्पन्न हुआ। सभी पदों पर एकल नामांकन होने के कारण पूरी कार्यकारिणी निर्विरोध निर्वाचित घोषित की गई है।मो असगर अध्यक्ष,राम सुंदर मंत्री और अरुण कुमार यादव को कोषाध्यक्ष चुना गया है।
जिला कोषाध्यक्ष देवी शरण कनौजिया और संयुक्त मंत्री अजय कुमार मौर्य ने पर्यवेक्षक के रूप में अधिवेशन को सम्पन्न कराया। शिक्षा उन्नयन गोष्ठी में बेसिक शिक्षा विभाग की वर्तमान स्थिति, शिक्षकों और स्कूलों की समस्यायों पर विस्तार से संवाद हुआ।
जिला अध्यक्ष अब्दुल रसीद ने कहा कि निजीकरण की नीतियों की पैरोकार सरकार एक तरफ प्राइवेट स्कूलों को धड़ल्ले से मान्यता प्रदान कर रही है, दूसरी तरफ कम नामांकन की बात करके सरकारी परिषदीय स्कूलों को मर्जर कर पांच हजार से अधिक स्कूलों को बंद करना चाहती है। बड़ी संख्या में गैर मान्यता प्राप्त और अवैध विद्यालय भी चल रहें हैं। सरकार और अधिकारी एक भी स्कूल बंद नहीं करा पा रहे हैं।
आर टी ई -2009के अन्तर्गत प्राविधान है कि छः से चौदह वर्ष के सभी बच्चों को अनिवार्य और निशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए स्कूल खुद बच्चों के पास जाएगा –इस थीम के साथ स्कूल खोले गए हैं। सरकार आर टी ई के प्रावधानों को फेल करके बाल अधिकारों का हनन करना चाहती है।
जिला महामंत्री रमाकांत मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश के सभी शिक्षक संगठन सरकार के फैसले के विरोध में है। ज्ञापन देने का क्रम शुरू है। कोई भी अभिभावक इस फैसले के पक्ष में नहीं है। कोई भी ग्राम प्रधान नहीं चाहता है कि उसके यहां का विद्यालय बंद हो। फैसले के विरोध में लोगों की ओर से ज्ञापन भी दिए जा रहे हैं। बेसिक शिक्षा विभाग को बचाने की जिम्मेदारी शिक्षकों के कंधे पर है। सभी शिक्षक ईमानदारी से ड्यूटी और कक्षा शिक्षण करते हुए अभिभावकों का विश्वास जीतें।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button