जामताड़ा
करमाटांड़ में लोक आस्था के महापर्व छठ का उत्साह
सैकड़ों व्रतियों ने किया खरना, ग्रहण किया प्रसाद

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
करमाटांड़ प्रखंड क्षेत्र में लोक आस्था और सूर्य उपासना के महान पर्व छठ पूजा के दूसरे दिन शनिवार को प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों में अनुष्ठान पूरी निष्ठा और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर व्रतियों ने दिनभर का उपवास रखने के बाद शाम को खरना किया। खरना के साथ ही चार दिवसीय महापर्व का अनुष्ठानिक और कठिन चरण प्रारंभ हो गया है।
प्रखंड क्षेत्र के करमाटांड़ मुख्यालय सहित विभिन्न ग्रामीण इलाकों में खरना को लेकर सुबह से ही विशेष चहल-पहल देखी गई। व्रतियों ने मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी की आंच से पवित्र गन्ने के रस या गुड़ और दूध से खीर (रसियाव) का प्रसाद तैयार किया। इसके साथ ही पूरी, केला और अन्य नैवेद्य भगवान भास्कर और छठी मइया को अर्पित किए गए। खरना संपन्न होने के बाद व्रतियों ने भगवान सूर्य को भोग लगाकर अपने व्रत की शुरुआत की और परिवार के सुख-समृद्धि की मंगलकामना की।
इस दौरान गांवों में प्रसाद ग्रहण करने के लिए श्रद्धालुओं और शुभचिंतकों का तांता लगा रहा। सैकड़ों की संख्या में आसपास के लोगों ने व्रतियों के घरों में पहुंचकर खरना का महाप्रसाद ग्रहण किया। मान्यता है कि खरना का प्रसाद ग्रहण करने से शरीर और आत्मा दोनों पवित्र होते हैं और इससे नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है।
खरना संपन्न होने के साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो गया है। अब रविवार को अस्ताचलगामी (डूबते हुए) सूर्य को और सोमवार को उदयीमान (उगते हुए) सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। पर्व को लेकर स्थानीय पुलिस और प्रशासन द्वारा भी सुरक्षा व साफ-सफाई के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, जिससे छठ घाटों पर श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।




