शामली

सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा में डीएम सख्त

खराब प्रगति वाले विभागों को सुधार के निर्देश

निर्माण कार्य समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे करने और पूर्ण परियोजनाओं को हैंडओवर करने के दिए निर्देश; जनगणना व मतदाता पंजीकरण अभियान में तेजी लाने पर जोर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

शामली। जिलाधिकारी आलोक यादव की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड के आधार पर विकास एवं राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने विभागवार कार्यों की समीक्षा करते हुए लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति बढ़ाने और निर्धारित समयसीमा में कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए। जिन विभागों की प्रगति संतोषजनक नहीं मिली, उन्हें सुधार लाने की हिदायत दी गई। बैठक में अनुपस्थित पाए गए अधिशासी अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में मुख्यमंत्री आवास योजना, अल्पसंख्यक विभाग, समाज कल्याण विभाग, उद्योग विभाग, आईसीडीएस सहित अन्य संबंधित विभागों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने तथा समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निर्माण कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी निर्माणाधीन परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता मानकों का पालन करते हुए पूर्ण की जाएं। जो निर्माण कार्य पूरे हो चुके हैं, उनकी हैंडओवर की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

राजस्व कार्यों की समीक्षा के दौरान आबकारी, परिवहन विभाग, राज्य कर, मंडी समिति, खनन सहित राजस्व से संबंधित विभिन्न कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष प्रगति बढ़ाने तथा लंबित कार्यों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता पर जोर

आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से किया जाए। शिकायतों के निस्तारण में शिकायतकर्ता की संतुष्टि और समस्या के वास्तविक समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाए। केवल औपचारिकता निभाने के बजाय शिकायतों का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

16 नवंबर से शुरू होगा जनगणना का स्व-गणना अभियान

बैठक से पूर्व जिलाधिकारी ने जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जनपद में 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) का कार्य संचालित किया जाएगा। इसके बाद 01 दिसंबर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों द्वारा घर-घर जाकर जनसंख्या गणना की जाएगी।

जिलाधिकारी ने जनगणना प्रक्रिया में आमजन की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए कार्यशालाओं और जागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।

21 व 22 नवंबर तथा 28 व 29 नवंबर को विशेष मतदाता अभियान

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी ने निर्वाचक नामावलियों में पात्र मतदाताओं के पंजीकरण के लिए निर्धारित विशेष अभियान दिवसों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि 21 एवं 22 नवंबर तथा 28 एवं 29 नवंबर 2026 को विशेष अभियान दिवसों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहेंगे।

इस दौरान पात्र मतदाताओं और नए युवा मतदाताओं का पंजीकरण कर उनके नाम निर्वाचक नामावली में शामिल कराने की कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दोनों महत्वपूर्ण अभियानों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित नहीं रहना चाहिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ब्रजेन्द्र शुक्ल, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सत्येन्द्र सिंह, सभी उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी तथा संबंधित जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button