सीजीएसटी आउटरीच कार्यक्रम से सामूहिक रूप से अनुपस्थित रहने का निर्णय

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
गाजियाबाद : फेडरेशन ऑफ टैक्स बार एसोसिएशन (FOTBA) के कार्यकारिणी एवं सदस्य संस्थाओं ने अत्यंत विनम्रता एवं खेद के साथ सामूहिक रूप से निर्णय लिया है कि कल दिनांक 28 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले सीजीएसटी आउटरीच प्रोग्राम में भाग नहीं लेंगे।
इस संबंध में मुख्य आयुक्त, सीजीएसटी एवं केंद्रीय उत्पाद शुल्क, मेरठ ज़ोन को विधिवत सूचना प्रेषित कर दी गई है।
FOTBA ने कई बार सीजीएसटी आयुक्तालय, गाजियाबाद में टैक्स प्रोफेशनल्स – अधिवक्ता एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट के प्रवेश में आ रही कठिनाइयों की ओर विभाग का ध्यान आकर्षित किया है। हमारी मांग रही है कि अन्य विभागीय कार्यालयों, जिसमें मेरठ स्थित मुख्य आयुक्तालय भी शामिल है, की तरह गाजियाबाद में भी बार एसोसिएशन / ICAI के वैध पहचान पत्र के आधार पर पास-मुक्त सुगम प्रवेश की व्यवस्था की जाए। 13 अक्टूबर 2026 के पत्र सहित हमारे सभी पूर्व अभ्यावेदन अभी तक अनसुलझे हैं।
इसके अतिरिक्त विभाग एवं बार के बीच आपसी संवाद, समन्वय एवं शिकायतों के प्रति संवेदनशीलता में लगातार कमी देखी जा रही है। व्यापार सुविधा और आउटरीच तब तक सार्थक नहीं हो सकती जब तक करदाताओं का प्रतिनिधित्व करने वाले प्रोफेशनल्स की दैनिक समस्याओं का समाधान न हो।
यह निर्णय किसी टकराव का प्रतीक नहीं, बल्कि हमारे सामूहिक दर्द की गरिमापूर्ण एवं सम्मानजनक अभिव्यक्ति है। हम विभाग के साथ संस्थागत सहयोग के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध हैं और आशा करते हैं कि मुख्य आयुक्त कार्यालय के साथ शीघ्र सौहार्दपूर्ण संवाद से इन लंबित प्रशासनिक मुद्दों का समाधान होगा ताकि आपसी विश्वास का माहौल बहाल हो सके।

