सिंगरौली

देवसर क्षेत्र में रेत माफिया खुलेआम कर रहे रेत का अवैध खनन व परिवहन, जिम्मेदार नहीं कर रहे कार्रवाई

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
सिंगरौली। जिले के जियावन थाना क्षेत्र में इन दिनों रेत के अवैध खनन व परिवहन करने वाले माफिया की चांदी है। महान नदी से रेत का अवैध खनन और परिवहन धडल्ले से हो रहा है। बता दें कि सहूआर, छीबा, बेल्हा, बसहा और मजौना में रेत माफियाओं के द्वारा लगातार 24 घंटे अवैध खनन और भंडारण लगातार चालू है ये माफिया खुलेआम प्रशासन को चुनौती देते हुए महान नदी से ट्रैक्टर से रेत निकालकर भंडारण करते है और फिर जेसीबी मशीन के माध्यम से बड़े पैमाने पर प्रशासन की आँखों में धूल झोकते हुए बेखौफ तरीके से रेत का अवैध परिवहन करते हैं।
किसके संरक्षण में फल फूल रहा है रेत का अवैध कारोबार
आम जनता का आरोप है कि जियावन पुलिस के संरक्षण में रेत का अवैध कारोबार फल फूल रहा है जनता का यह भी कहना है कि अगर हम पुलिस को सूचना भी देते है तो भी प्रशासन का कोई भी कर्मचारी कभी नहीं आता है बल्कि उन रेत माफियाओं को सूचना दे दी जाती है और माफिया डराने धमकाने आ जाते है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि अवैध रेत का इतना बड़ा सिंडिकेट बिना पुलिस के संरक्षण के नहीं खड़ा हो सकता।
राजस्व की खुली चोरी
खनन कारोबारी रेत खनन कर हर माह लाखों रुपए के राजस्व की चोरी कर रहे हैं। क्षेत्र में प्रवाहित हो रही नदियों के मुहानों से करीब 200 से 250 ट्रॉली अवैध रेत का परिवहन प्रतिदिन हो रहा है। ऐसे में लाखों रुपए की राजस्व की चोरी हर दिन हो रही है। क्षेत्र में हो रहे अवैध खनन की पूरी जानकारी खनिज विभाग व राजस्व विभाग में नीचे से लेकर ऊपर बैठे सभी अधिकारियों को है, बावजूद इस ओर कोई कार्रवाई नहीं होना कई सवालों को जन्म देती है। इस गोरखधंधे पर तुरंत रोक लगाई जाए।
जिम्मेदार नहीं कर रहे कार्रवाई
स्थानीय निवासियों का कहना है कि जिस प्रकार से लगातार बड़े पैमाने पर रेत का उत्खनन हो रहा है ऐसे में महान नदी का अस्तित्व भी खतरे में है क्योकि अंधाधुंध नदी का सीना छलनी किया जा रहा है। इस अवैध कारोबार से सरकार को भी राजस्व की हानि हो रही है लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button