ललितपुर

वीर सैनिकों के परिवारों को लीगल एड क्लिनिक का शुभारंभ

नि:शुल्क विधिक सहायता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय में नालसा वीर परिवार सहायता योजना 2025 के अंतर्गत लीगल एड क्लिनिक की स्थापना की गई। यह कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आयोजित किया गया, जो कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य कर रहा है। इस दौरान जिला जज/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नरेंद्र कुमार झा के मार्गदर्शन तथा सचिव मयंक जायसवाल की अध्यक्षता में कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। सेना के कर्नल आशीष अहुवालिया उपस्थित रहे। लीगल एड क्लिनिक में पैनल अधिवक्ताओं के रूप में अधिवक्ता पुष्पेन्द्र सिंह चौहान तथा गणेशराम रजक को पैरा लीगल वॉलिंटियर के रूप में नियुक्त किया गया। सचिव मयंक जायसवाल ने कहा कि नालसा द्वारा संचालित वीर परिवार सहायता योजना का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि देश की सेवा में समर्पित सैनिकों एवं उनके परिजनों को कोई भी कानूनी समस्या अकेले न झेलनी पड़े। इस क्लिनिक के माध्यम से उन्हें नि:शुल्क विधिक सलाह, दस्तावेज तैयार करने में सहयोग, आरटीआई मार्गदर्शन और केस प्रतिनिधित्व जैसी सेवाएं प्राप्त होंगी। बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण इस प्रकार के क्लिनिक अन्य स्थानों पर भी स्थापित करने की दिशा में अग्रसर है। कर्नल आशीष अहुवालिया जिला सैनिक कल्याण एवं पुर्नवास कल्याण ललितपुर ने कहा कि सेवा में तैनात सैनिक सीमाओं पर तैनात रहते हुए परिवार की समस्याओं से अक्सर अनभिज्ञ रहते हैं। ऐसे में यह लीगल एड क्लिनिक हमारे सैनिक परिवारों के लिए एक सशक्त विधिक कवच बनेगा। कहा कि हमें गर्व है कि ललितपुर में इस योजना की शुरुआत होकर हम एक मजबूत सामाजिक-सैन्य सहयोग की ओर अग्रसर हो रहे हैं। पैनल अधिवक्ता पुष्पेन्द्र सिंह चौहान ने कहा कि यह क्लिनिक न केवल विधिक सहायता का माध्यम होगा, बल्कि सैनिक परिवारों के आत्मविश्वास को भी सशक्त करेगा। मेरा प्रयास रहेगा कि हर जरूरतमंद को समयबद्ध और उचित कानूनी मार्गदर्शन मिले। उन्होंने योजना की संरचना, लोक अदालतों की भूमिका, और कानूनी सलाह की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया। पीएलवी गणेशराम रजक ने कहा कि इस दायित्व को सेवा के रूप में देखता हूँ और मेरा उद्देश्य रहेगा कि सैनिक परिवारों तक हर जरूरी कानूनी जानकारी सरल भाषा में पहुँचाई जाए। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि हर वर्ग, विशेषकर विधवाएं, वरिष्ठ नागरिक और बच्चे, इस क्लिनिक की सेवा से लाभान्वित होंगे। इस दौरान नायब सूबेदार वीरेंद्र सिंह कल्याण अधिकारी,अमित प्रताप सिंह कनिष्ठ सहायक,श्रीमति संध्या चंदेल कनिष्ठ सहायक,सूबेदार रामगोपाल सिंह, मिल्ट्री कैंप ,तालबेहट से सूबेदार वी.एन. मैनन,नायब सूबेदार एम.सिंह,नायब कांस्टेबल नीतेश के अलावा न्यायालय से रोहित राठौर,अरविंद कुमार पंथ, नदीम उपस्थित रहे।
मुख्य उद्देश्य
नालसा वीर परिवार सहायता योजना 2025 का उद्देश्य सैनिकों, अर्धसैनिक बलों एवं उनके परिजनों को नि:शुल्क, त्वरित और प्रभावी कानूनी सहायता देना है। इस योजना के अंतर्गत स्थापित लीगल एड क्लिनिक में, पैनल अधिवक्ता एवं पीएलवी प्रत्येक सप्ताह तय समय पर उपस्थित रहेंगे। क्लिनिक में आने वाले लोगों को फैमिली लॉ, पेंशन, आरटीआई, जमीन विवाद, वसीयत, और सरकारी योजनाओं से संबंधित सहायता दी जाएगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button