मुरादाबाद
भारी बारिश के चलते छत गिरने से वृद्धा घायल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मुरादाबाद। ठाकुरद्वारा भारी वर्षा के दौरान ब्लॉक क्षेत्र के गांव रतुपुरा में मकान की छत गिरने से वृद्धा घायल हो गई। वृद्धा को राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। ब्लॉक क्षेत्र के गांव रतुपुरा में सोमवार की सुबह लगभग 6 बजे बहुत तेज बारिश होने के दौरान लेखराज के मकान की छत तेज धमाके के साथ जमीन पर आ गिरी। मलबे में दबकर लेखराज की पत्नी कलावती 70 गंभीर घायल हो गई जबकि उनके दो नवासे नवासी दिव्यांशु और नीतू बाल बाल बच गए। जैसे ही छत गिरनी शुरू हुई दोनों बच्चे कूद कर बाहर आ गए जबकि चारपाई पर लेटी वृद्धा जब तक बैठ कर बाहर निकलती, तेज धमाके के साथ छत का मलबा उनके ऊपर आ गिरा। वृद्धा को चिंताजनक हालत में राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।



