असम
असम के मंगलदोई जिले में खाद्य, सार्वजनिक वितरण और उपभोक्ता मामलों विभाग के मंत्री कौशिक राय की उपस्थिति में जागरूकता बैठक।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
असम : असम के दरंग जिले के उचित मूल्य की दुकान संचालक तथा सहकारी समितियों के साथ विभाग के महत्वाकांक्षी योजनाओं को लेकर आज मंगलदोई जिला पुस्तकालय में एक जागरूकता बैठक आयोजित की गई। इस कार्यक्रम में असम सरकार के खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग के मंत्री कौशिक राय उपस्थित रहे। बैठक में मंत्री ने आने वाले अक्टूबर महीने की पहली तारीख से राज्य के राशन कार्डधारक लाभार्थियों को रियायती दर पर मसूर दाल, चीनी और नमक के वितरण तथा उनकी कीमतों के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने उचित मूल्य की दुकान संचालकों से साफ‑सुथरे और पारदर्शी तरीके से वितरण व्यवस्था को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने लोगों को अवगत कराया कि असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली को मजबूत करने हेतु दूरदर्शी कदम उठाए हैं। साथ ही उन्होंने कानूनी माप विज्ञान विभाग को दुकानों का समय‑समय पर निरीक्षण करने का भी निर्देश दिया। कार्यक्रम में मंगलदोई विधानसभा क्षेत्र के विधायक बसंत दास और सिपाझार विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. परमानंद राजवंशी ने भी संबोधित किया और उचित मूल्य की दुकान संचालकों से सामग्री का सही प्रकार से वितरण करने का अनुरोध किया। इस अवसर पर असम राज्य मत्स्य विकास निगम के अध्यक्ष गुरूज्योति दास, विभागीय आयुक्त हेमंत भुइयाँ और प्रमुख समाजसेवी मुकुंद डेका भी उपस्थित थे। कार्यक्रम के बाद मंत्री कौशिक राय ने उपायुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में जिले के उपायुक्त पराग कुमार काकती सहित अन्य अधिकारीयों के साथ एक समीक्षा बैठक में भाग लिया और विभागीय कार्यों की जानकारी प्राप्त की।



