मुरादाबाद
करंट से झुलसे छात्र की दिल्ली में इलाज के दौरान मौत हाईटेंशन लाइन हटवाने की उठाई मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मुरादाबाद। मूंढापांडे थाना क्षेत्र के गांव हसनगंज में पतंग उठाते समय करंट लगने से झुलसे चौथी कक्षा के छात्र की उपचार के दौरान मौत हो गई। दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था।
छत पर पतंग उड़ाते समय आया चपेट में
हसनगंज निवासी किसान हरवीर सिंह के मकान के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। हरवीर सिंह का नौ वर्षीय बेटा हिमांशु मझरा बेरवाली स्थित प्राथमिक विद्यालय में कक्षा चार का छात्र था। नौ सितंबर की शाम वह अपने घर की छत पर पतंग उडा रहा था। इस दौरान पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट आकर वह बुरी तरह से झुलस गया। छात्र को रामपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से हालत गंभीर होने पर परिजन उसे दिल्ली स्थित सफदरजंग अस्पताल ले गए थे जहां उसकी मौत हो गई। छात्र के परिवार में मां मीना, भाई डेविड का रोकर बुरा हाल है। विधायक से मिलकर हिमांशु के चाचा रामवीर सिंह ने बताया कि बिजली लाइन को हटवाने के लिए वह कई बार बिजली विभाग से मांग कर चुके हैं परंतु कोई सुनवाई नहीं होती है। यदि हाईटेंशन लाइन नहीं हटाई गई तो आगे भी हादसे होते रहेंगे।



