दीपावली/ कालीपूजा/ छठ पर्व को लेकर पाकुड़ पुलिस अलर्ट, शान्ति समितियों को दिए सुरक्षा के निर्देश
Pakur police on alert for Diwali/Kali Puja/Chhath festival; issue security directives to peace committees.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। आगामी दीपावली, कालीपूजा एवं छठ पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह (भा०पु०से०) के निर्देश पर जिले के सभी थाना एवं ओपी क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूजा समितियों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और विधि- व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गये। पुलिस ने सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे, निर्बाध बिजली, अग्निशमन उपकरण, बैरिकेडिंग तथा महिला-पुरुषों के लिए अलग-अलग प्रवेश एवं निकास की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही बिजली के खुले तारों और असुरक्षित कनेक्शन से बचने की हिदायत दी गई। प्रत्येक पंडाल में प्रशिक्षित स्वयंसेवकों, सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली और आपातकालीन सूचना वाले बैनर लगाने के निर्देश भी दिए गये। झारखण्ड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के निर्देशानुसार दीपावली की रात 8 से 10 बजे तथा छठ पर्व के दौरान सुबह 6 से 8 बजे तक ही पटाखे जलाने की अनुमति संबंधी निर्देश दिए गए। हाई डेसिबल पटाखों के इस्तेमाल पर रोक लगाने तथा छठ घाटों पर अर्घ्य और पूजा के दौरान आतिशबाजी नहीं करने के लिए जागरूकता फैलाने को कहा गया। वही मूर्ति विसर्जन जुलूस पारंपरिक मार्गों से निकालने, डीजे पर अश्लील एवं साम्प्रदायिक गाने तथा उत्तेजक नारे नहीं लगाने की हिदायत दी गई। छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग, पर्याप्त रोशनी, साफ-सफाई, सूचना पट्ट, गोताखोर, इन्फ्लेटेड ट्यूब और नाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। पुलिस प्रशासन ने पूजा समितियों से सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने की अपील की।



