अलंकित ने ग्रामीण इलाकों में बैंकिंग सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए झारखंड ग्रामीण बैंक के साथ की साझेदारी
Alankit has partnered with Jharkhand Gramin Bank to improve banking services in rural areas.
नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची, अलंकित लिमिटेड को झारखंड ग्रामीण बैंक के कॉरपोरेट बिजनेस कॉरेस्पॉन्डेंट के रूप में सूचीबद्ध किया गया है। इस साझेदारी के तहत कंपनी झारखंड के उन ग्रामीण इलाकों तक बैंकिंग सेवाएं पहुंचाएगी, जहां लोगों को बैंक की नजदीकी शाखा तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। दोनों संस्थाओं के बीच 5 सितंबर, 2026 को समझौते पर हस्ताक्षर किए गए और इसी दिन से यह व्यवस्था शुरू हो गई। इस साझेदारी के साथ झारखंड ग्रामीण बैंक, अलंकित के बैंकिंग साझेदारों की सूची में शामिल हो गया है। इस सूची में अब बैंक ऑफ बड़ौदा, भारतीय स्टेट बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, इंडियन ओवरसीज बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, यूको बैंक, इंडियन बैंक, उत्तराखंड ग्रामीण बैंक और बैंक ऑफ महाराष्ट्र सहित कुल 11 बैंक शामिल हैं। इससे क्षेत्रीय ग्रामीण और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकिंग कारोबार में कंपनी की मौजूदगी और मजबूत होगी।
अलंकित लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अंकित अग्रवाल ने कहा, “झारखंड ग्रामीण बैंक के साथ यह साझेदारी बैंकिंग सेवाओं को गांवों और दूर-दराज के इलाकों तक पहुंचाने तथा अधिक से अधिक लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। झारखंड ग्रामीण बैंक की मजबूत क्षेत्रीय मौजूदगी और अलंकित की तकनीकी सुविधाओं के सहयोग से हमारा प्रयास राज्य के लोगों तक जरूरी बैंकिंग सेवाएं आसानी से पहुंचाना है।” उन्होंने आगे कहा, “हमारा ध्यान उन क्षेत्रों में बेहतर और आसान बैंकिंग सेवा केंद्रों का नेटवर्क तैयार करने पर रहेगा, जहां अभी बैंकिंग सुविधाओं की कमी है। यह साझेदारी लोगों तक बैंकिंग सेवाएं पहुंचाने में अलंकित की भूमिका को और मजबूत करेगी।” झारखंड ग्रामीण बैंक के महाप्रबंधक ने कहा, “झारखंड के गांवों और छोटे शहरों में बैंकिंग सेवाएं पहुंचाना बैंक की प्रमुख प्राथमिकताओं में से एक है। इस साझेदारी से दूर-दराज के इलाकों में भी लोगों को आसानी से बैंकिंग सुविधाएं मिल सकेंगी। इससे हम लोगों की जरूरतों के अनुसार बेहतर सेवाएं दे पाएंगे। साथ ही, अधिक से अधिक लोग बैंकिंग व्यवस्था से जुड़ेंगे और राज्य में बैंकिंग सेवाओं का लाभ ज्यादा लोगों तक पहुंच सकेगा।



