28 नवंबर को रांची के खेलगांव में होगा झारखण्ड स्थापना दिवस समारोह का समापन, 4,189 करोड़ की लागत से RIMS-2 निर्माण कार्य का होगा शिलान्यास

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची। झारखण्ड स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों का समापन आगामी 28 नवंबर को रांची के खेलगांव में होगा। इस दिन मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के नेतृत्व वाली राज्य सरकार के दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भव्य राज्यस्तरीय समारोह का आयोजन किया जायेगा। समारोह में राज्यवासियों को कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं की सौगात मिलने की संभावना है। राज्यस्तरीय समारोह के दौरान विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, नई योजनाओं का शुभारंभ, युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरण तथा लाभार्थियों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया जाएगा। सरकार की ओर से कार्यक्रम की तैयारियां की जा रही हैं। समारोह की प्रमुख परियोजनाओं में रांची के नगड़ी में प्रस्तावित RIMS-2 का निर्माण शामिल है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर करीब 4,189.41 करोड़ रुपये खर्च किए जाने का प्रस्ताव है। प्रस्तावित संस्थान में 2,800 से अधिक बेड और 200 एमबीबीएस सीटों की क्षमता होगी। RIMS-2 के निर्माण से राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ ही मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में भी नये अवसर सृजित होने की उम्मीद है। इससे मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने और चिकित्सा शिक्षा के विस्तार में मदद मिलेगी। अब राज्यवासियों की निगाहें 28 नवंबर को आयोजित होने वाले इस राज्यस्तरीय समारोह पर टिकी हैं। खासकर युवाओं को मिलने वाले नियुक्ति पत्रों की संख्या और सरकार की ओर से घोषित की जाने वाली नई विकास योजनाओं को लेकर लोगों में उत्सुकता बनी हुई है।


