गोड्डा

गोड्डा में बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम से निकले कटे-फटे नोट, ग्राहकों में आक्रोश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
गोड्डा। सोमवार की शाम गोड्डा जिला मुख्यालय के समीप नहर चौक स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम से पैसे निकालने पहुंचे ग्राहकों को उस वक्त भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, जब मशीन से कथित तौर पर कटे-फटे, सड़े हुए और संदिग्ध नोट बाहर आए। एटीएम से इस तरह के नोट मिलने के बाद ग्राहकों में बैंक की व्यवस्था के प्रति नाराजगी देखने को मिली है। पीड़ित ग्राहक विवेकानंद के अनुसार, सोमवार शाम को अपनी बेटी को डॉक्टर के पास दिखाने के लिए जरूरी पैसों की आवश्यकता के चलते बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम से पैसे निकालने पहुंचे थे। उन्होंने एटीएम से कुल 15,000 रुपये की निकासी की। जब उन्होंने रकम की जांच की तो उनके होश उड़ गए। एटीएम से निकले 15,000 रुपयों में से कई नोट बेहद खराब स्थिति में थे। पीड़ित ग्राहक के मुताबिक एटीएम से निकले नोटों में कुछ नोट कटे-फटे, कुछ नोटों के कोने गायब थे और उनका रंग भी काफी फीका था। कुछ नोट ऐसे भी निकले जिन पर पीछे से टेप चिपकाया गया था।
ग्राहक का कहना है कि आपातकालीन स्थिति में इलाज या अन्य जरूरी कार्यों के लिए वे एटीएम पर भरोसा कर पैसे निकालते हैं, लेकिन इस तरह की घटना से लोगों का एटीएम व्यवस्था से भरोसा उठ रहा है। ऐसे कटे-फटे और संदिग्ध नोटों को बाजार में चलाना असंभव है, जिससे आम जनता को आर्थिक नुकसान और मानसिक परेशानी दोनों झेलनी पड़ रही है। ग्राहकों ने बैंक प्रबंधन एवं एटीएम में कैश लोड करने वाली एजेंसी से अपील की है कि वे ग्राहकों के साथ इस तरह का खिलवाड़ बंद करें और एटीएम में केवल सही व वैध करेंसी ही डाली जाए, ताकि लोगों को भविष्य में ऐसी समस्याओं का सामना न करना पड़े।
क्या कहते है बैंक अधिकारी
शाखा प्रबंधक मनीष कुमार ने कहा कि एटीएम में भूलवश रद्दी नोटों का कुछ बंडल लोड हो गया था। छठ पर्व पर बैंक बंद रहने से रद्दी नोटों को एटीएम से बदला नहीं जा सका था। मंगलवार को बैंक खुलने के बाद एटीएम में मौजूद नोटों तथा ग्राहकों को मिले रद्दी नोट को बदल दिया गया है। इस मानवीय भूल के लिए हमलोग क्षमा प्रार्थी है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button