गोरखपुर
मुख्यमंत्री की जन चौपाल को सफल बनाने में जुटी भाजपा, महिला, पिछड़ा और किसान मोर्चा को सौंपी जिम्मेदारी
19 नवंबर को टाउन हॉल मैदान में होगा कार्यक्रम, महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता ने तीनों मोर्चों के पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठक कर बनाई रणनीति

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
गोरखपुर : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की 19 नवंबर को कचहरी स्थित टाउन हॉल मैदान में प्रस्तावित जन चौपाल को सफल बनाने के लिए भाजपा महानगर संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए संगठन के विभिन्न मोर्चों को जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं।
इसी क्रम में बेनीगंज स्थित भाजपा महानगर कार्यालय पर महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता ने महिला मोर्चा, पिछड़ा मोर्चा और किसान मोर्चा के पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठकें कीं। बैठकों में कार्यक्रम की तैयारियों, कार्यकर्ताओं की उपस्थिति और संगठनात्मक जिम्मेदारियों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
महानगर अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री के जन चौपाल कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी मोर्चों की महत्वपूर्ण भूमिका है। पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं से संपर्क करें और आपसी समन्वय बनाकर कार्यक्रम में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी को अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने और तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि संगठन की प्रत्येक इकाई की सक्रियता और सामूहिक प्रयास से कार्यक्रम को सफल बनाया जा सकता है। बैठकों में मोर्चावार जिम्मेदारियां तय करते हुए कार्यकर्ताओं को पूरी गंभीरता से जुटने का आह्वान किया गया।
इस दौरान पिछड़ा मोर्चा के महानगर महामंत्री प्रशांत गौड़, ओमकार प्रजापति, उपाध्यक्ष पंकज चौधरी और शैलेश यादव मौजूद रहे। महिला मोर्चा की महानगर अध्यक्ष प्रीति शाही, उपाध्यक्ष दीपिका दुबे, सुनीता पासवान, डॉ. प्रियंका श्रीवास्तव, महामंत्री उषा सिंह यादव, प्रीति तिवारी और ममता गुप्ता सहित विभिन्न मंडलों की अध्यक्ष उपस्थित रहीं।




