गोड्डा
एमपी आदर्श विद्यालय के छात्र-छात्राओं को कराया गया शैक्षणिक भ्रमण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
महागामा। शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक और मनोरंजनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महागामा स्थित एमपी आदर्श विद्यालय के छात्र-छात्राएं एवं शिक्षेतर कर्मी विद्यालय प्रबंधन के द्वारा आयोजित वार्षिक शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम के तहत देवघर पहुंचे। इस यात्रा में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भ्रमण के दौरान सभी ने सबसे पहले त्रिकूट पर्वत के पास स्थित संथाल परगना के पहले और चर्चित “छपाक वाटर पार्क” का आनंद लिया। पानी की लहरों में खेलते और झूलों पर झूमते हुए विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। बच्चों ने वाटर स्लाइड्स और विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों का लुत्फ उठाते हुए इस दिन को यादगार बना दिया।
विद्यालय प्रबंधन की ओर से बताया गया कि इस प्रकार के भ्रमण का मुख्य उद्देश्य बच्चों को नई जगहों से परिचित कराना, उनमें आपसी भाईचारे व सहयोग की भावना को विकसित करना और शिक्षा के साथ-साथ मनोरंजन का अवसर प्रदान करना है। विद्यालय के प्राचार्य संजय कुमार ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए केवल कक्षा तक सीमित रहना पर्याप्त नहीं है। वार्षिक भ्रमण जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को व्यावहारिक जीवन की सीख और नए अनुभव प्रदान करते हैं। छात्र-छात्राओं ने भी इस यात्रा को बेहद आनंददायक बताते हुए कहा कि वाटर पार्क की सैर उनके लिए पहली बार का अनुभव था, जिसे वे लंबे समय तक याद रखेंगे। वहीं, शिक्षेतर कर्मियों ने भी इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इससे विद्यालय परिवार में सौहार्द और निकटता बढ़ती है। देवघर भ्रमण का यह कार्यक्रम एमपी आदर्श विद्यालय महागामा के लिए एक सफल और यादगार आयोजन साबित हुआ।




