गोड्डा
मिद-उल-नबी को लेकर मेहरमा पुलिस ने किया फ्लैग मार्च, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मेहरमा। आगामी मिद-उल-नबी पर्व को लेकर शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से मेहरमा पुलिस प्रशासन पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में मेहरमा थाना प्रभारी सौरभ कुमार ठाकुर के नेतृत्व में भारी पुलिस बल के साथ विभिन्न संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला गया।फ्लैग मार्च मेहरमा थाना क्षेत्र के सुखाड़ी, शोभापुर, मानगढ़ सहित कई गांवों से होकर गुजरा। इस दौरान थाना प्रभारी ने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मिद-उल-नबी का त्योहार शांति, प्रेम और भाईचारे का संदेश देने वाला है, इसलिए इसे आपसी सौहार्द के साथ मनाएं।
थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को चेतावनी देते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस लगातार गश्त और निगरानी कर रही है ताकि त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।फ्लैग मार्च में अपराध नियंत्रण के लिए मेहरमा पुलिस बल, सशस्त्र बल, और अन्य सुरक्षा कर्मी शामिल रहे। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने लोगों से त्योहार के दौरान सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। मेहरमा पुलिस प्रशासन का यह प्रयास क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने की दिशा में सराहनीय कदम माना जा रहा है।



