
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। सिंगरौली जिले में 3 अक्टूबर नगर निगम सिंगरौली के अध्यक्ष देवेश पाण्डेय के खिलाफ कई पार्षदों द्वारा लाया गया अविश्वास प्रस्ताव अब राजनीतिक खींचतान में उलझता दिख रहा है। पार्षदों ने बताया कि उन्होंने कलेक्टर महोदय एवं भाजपा जिलाध्यक्ष के समक्ष औपचारिक आवेदन प्रस्तुत कर अविश्वास प्रस्ताव लाने की प्रक्रिया शुरू की थी। पार्षदों को आज 3 अक्टूबर को सुनवाई का समय निर्धारित किया गया था, लेकिन निर्धारित समय पर भी कार्रवाई नहीं हो सकी। पार्षदों ने बताया कि नगर निगम अधिनियम की धारा 31 के अनुसार, आवेदन दिए जाने के 10 दिनों के भीतर अविश्वास प्रस्ताव की प्रक्रिया पूरी की जानी चाहिए। उनका आरोप है कि शासन और सत्ता के दबाव में कार्रवाई को आगे बढ़ा दिया गया, जिससे पार्षदों में गहरी नाराज़गी है।
पार्षदों का कहना है कि यह कदम लोकतांत्रिक प्रक्रिया के साथ खुला खिलवाड़ है और उन्होंने इसकी कड़ी निंदा की है।
नगर निगम सिंगरौली में पिछले कुछ समय से अध्यक्ष देवेश पाण्डेय के कार्यकाल को लेकर लगातार विवाद और विरोध के स्वर तेज़ होते जा रहे हैं। कई पार्षद उन पर मनमानी और भेदभाव के आरोप पहले भी लगा चुके हैं।



