
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
झुंझुनूं चंवरा। कस्बे के प्रसिद्ध प्राचीन जालेश्वर बालाजी मंदिर में हनुमान जयंती के उपलक्ष में शनिवार रात्रि को ठाकुरजी प्रिया प्रीतम रासलीला संस्थान वृंदावन के द्वारा सात दिवसीय रासलीला का शुभारंभ किया गया। शनिवार को कथा के मुख्य यजमान गोपाल सिंह शेखावत के प्रतिनिधि हेमराज दोराता तथा समाजसेवी राजेंद्र दोराता लाइफ़स्टाइल शोरूम द्वारा पूजा अर्चना करवाकर महाआरती के साथ रासलीला का शुभारंभ किया गया। मेला कमेटी के सदस्यों ने यजमानों का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया। रासलीला में महारास एवं कृष्ण जन्म का वर्णन किया गया। महारास में संजीवित झांकियां सजाई गई। बीच-बीच में भजनों की रंगारंग प्रस्तुतियों पर श्रोता झूम उठे। रासलीला प्रतिदिन रात्रि 8:15 बजे से 11:15 बजे तक दिखाई जाएगी। कार्यक्रम में समाजसेवी राजेंद्र दोराता ने कहा कि मेले और त्योहार आपसी भाईचारे का संदेश देते हैं। हमारे गांव का मेला आसपास के गांवों में सबसे प्राचीन मेला है जो सर्व समाज के सहयोग से हर वर्ष शांति से संपन्न होता है। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष मातादीन सिंह शेखावत ने बताया कि इससे पूर्व सुबह 9:15 बजे माता को प्रसाद का भोग लगाकर कन्या भोज करवाया गया। 1 अप्रैल को रात्रि में स्थानीय कलाकारों द्वारा सत्संग किया जाएगा। 2 अप्रैल को प्रातः 9:15 बजे बालाजी महाराज को प्रसाद का भोग लगाकर भंडारे का शुभारंभ किया जाएगा। सुबह 10:00 बजे वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा जिसका प्रवेश शुल्क 151 रुपए रखा गया है। दोपहर 3:15 बजे मुख्य बाजार से बालाजी मंदिर तक ध्वजारोहण एवं विशाल झांकी निकाली जाएगी। शाम 4:15 कुश्ती दंगल का आयोजन किया जाएगा। बाहर से आने वाले दुकानदारों खिलाड़ियों और श्रद्धालुओं के लिए भोजन, पानी और बिजली की व्यवस्था निशुल्क रहेगी। मेले में आने वाले सभी दुकानदार मेला प्रबंध समिति को अपनी आईडी देकर कूपन प्राप्त कर अपनी जगह सुनिश्चित कर सकते हैं। इस दौरान मेला कमेटी अध्यक्ष मातादीन सिंह शेखावत, महावीर रावत, पुरुषोत्तम लाल सोनी, रामपाल रावत, भवानी सिंह शेखावत, एचडीएफसी बैंक नीमकाथाना के मुख्य प्रबंधक संजय शर्मा, जेपी गूर्जर, राजकुमार शर्मा, श्रीराम महरानियां, गिरवर सेन, सज्जन कुमार पारीक, आर आई किशोर सिंह शेखावत, सोहनलाल शर्मा, झाबर मिरासी, घासीराम रावत, जगदीश मावर, सुरेश कुमार सैनी, रणवीर बड़जातिया, संजय सोनी, कैलाश दोराता सहित काफी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।



