
समस्याओं के निराकरण में देरी बर्दाश्त नहीं
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी गाजियाबाद मंगलवार को हुई दिशा की बैठक में लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने अपने क्षेत्र की जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए शासन-प्रशासन को कड़े शब्दों में चेताया। विधायक ने कहा कि लोनी की जनता लगातार सड़क हादसों, जर्जर मार्गों, जलभराव और दूषित पानी जैसी समस्याओं से लगातार परेशान है। इनका समाधान शासन की पहली प्राथमिकता होना चाहिए।
बैठक में लोनी विधायक ने रखे विकास प्रस्ताव:
सड़क व मार्ग निर्माण: दिल्ली–सहारनपुर मार्ग (709B) का शीघ्र नव निर्माण, बंथला-ढिकोली रोड का सुदृढ़ीकरण, फारूखनगर और रिस्तल-राजपुर मार्ग का निर्माण तथा ग्रामीण इलाकों में सीसी रोड व नाली कार्य।
जीडीए कार्य: इंद्रापुरी वार्ड-22 में इंटरलॉकिंग, लोनी बॉर्डर पर प्रवेश द्वार, लोनी तिराहे पर स्काईवॉक, इंद्रप्रस्थ कॉलोनियों में मूलभूत सुविधाओं व जर्जर मार्गों का सुधार तथा स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत
जल निकासी: पावी पुश्ता से लोनी बॉर्डर तक नाले का निर्माण, लोनी तिराहा से दिल्ली-99 तक नालों का सुदृढ़ीकरण।
पर्यावरण व स्वास्थ्य: खेकड़ा-बागपत औद्योगिक क्षेत्र से आ रहे दूषित भूजल पर त्वरित रोकथाम।
सौंदर्यीकरण: गनोली व इलायचीपुर के तालाबों की सफाई और गढ़ी कटैया श्मशान घाट का विकास।
सीएसआर से विकास: लोनी के सभी थाना क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे, दिल्ली–सहारनपुर मार्ग पर स्ट्रीट लाइटें और बारात घर/समुदाय केंद्र का निर्माण।
विधायक गुर्जर ने अधिकारियों को सख्त लहजे में चेतावनी दी कि लोनी की जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी तरह की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और विभागों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी
बैठक में सासंद अतुल गर्ग, बागपत सासंद राजकुमार सांगवान सभी जनप्रतिनिधि, जिलाधिकारी सहित सभी विभागों के प्रमुख अधिकारियों ने भाग लिया।



