दिल्ली

ब्रिक्स सम्मेलन भारत के लिए नई आर्थिक संभावनाओं का द्वार खोलेगा : प्रवीण खंडेलवाल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

नई दिल्ली : चांदनी चौक से सांसद एवं कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आयोजित ब्रिक्स सम्मेलन भारत के लिए वैश्विक आर्थिक अवसरों का नया अध्याय खोलने के साथ वैश्विक दक्षिण में भारत की भूमिका को और मजबूत करेगा।

खंडेलवाल ने कहा कि ब्रिक्स व्यापार, निवेश, निर्यात, तकनीकी साझेदारी और कारोबारी अवसरों को बढ़ाने का प्रभावी मंच है। उन्होंने भारतीय व्यापारियों, निर्यातकों और एमएसएमई को ब्रिक्स देशों के बाजारों से सीधे जोड़ने के लिए ‘ब्रिक्स बिजनेस फैसिलिटेशन मिशन फॉर एमएसएमईज एंड ट्रेडर्स’ के गठन का प्रस्ताव रखा।

उन्होंने कहा कि प्रस्तावित मिशन के माध्यम से बिजनेस-टू-बिजनेस संपर्क, निर्यात अवसरों की पहचान, बाजार संबंधी जानकारी, खरीदार-विक्रेता बैठक और व्यापार प्रक्रियाओं को आसान बनाने पर काम किया जा सकता है। इससे भारतीय एमएसएमई और व्यापारियों को नए अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच बनाने में मदद मिलेगी।

खंडेलवाल ने कहा कि विस्तारित ब्रिक्स साझेदारी से टेक्सटाइल, फार्मास्यूटिकल्स, इंजीनियरिंग उत्पाद, खाद्य पदार्थ, इलेक्ट्रॉनिक्स, हस्तशिल्प और खिलौनों सहित कई क्षेत्रों में निर्यात की संभावनाएं बढ़ेंगी। उन्होंने डिजिटल भुगतान, लॉजिस्टिक्स, तकनीक, वित्तीय कनेक्टिविटी और व्यापार सुगमता के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की जरूरत पर भी जोर दिया।

उन्होंने विश्वास जताया कि ब्रिक्स भारत की वैश्विक आर्थिक नेतृत्व क्षमता को मजबूत करने के साथ व्यापारियों, एमएसएमई, उद्यमियों और निर्यातकों के लिए नए अवसर पैदा करेगा तथा ‘मेड इन इंडिया, मेड फॉर द वर्ल्ड’ की भावना को वैश्विक बाजारों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button