हापुड़ में गणेश चतुर्थी/ अनन्त चतुर्दशी पर सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत किया जाएगा पुलिस बल तैनात- कलानिधि नैथानी , डीआईजी मेरठ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड़। गणेश चतुर्थी और अनन्त चतुर्दशी के पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए हापुड़ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह अलर्ट मोड पर कर दिया है। मेरठ परिक्षेत्र की ओर से जारी पुलिस प्रबंध के अनुसार हापुड़ जनपद में गणेश उत्सव के दौरान 12 स्थानों पर 13 गणेश प्रतिमाएं स्थापित की जानी प्रस्तावित हैं। वहीं विभिन्न स्थानों से 15 शोभायात्राएं निकाली जाएंगी।
पुलिस प्रशासन ने शोभायात्राओं के मार्ग में आने वाले 4 संवेदनशील स्थानों को चिन्हित किया है। इसके अलावा गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए जनपद में 4 घाट निर्धारित किए गए हैं। हापुड़ से कुल 13 प्रतिमाओं का विसर्जन प्रस्तावित है, जिनमें 12 प्रतिमाएं जनपद के अंदर और एक प्रतिमा जनपद के बाहर विसर्जित की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रमुख आयोजन स्थलों, संवेदनशील क्षेत्रों और विसर्जन मार्गों पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। पुलिस द्वारा आयोजकों के साथ समन्वय स्थापित कर शोभायात्राओं के रूट, समय और कार्यक्रम की अवधि पहले से निर्धारित की जाएगी। निर्धारित मार्ग और समय में अनावश्यक बदलाव की अनुमति नहीं होगी।
प्रतिमा विसर्जन के दौरान घाटों पर बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, चेतावनी बोर्ड और जीवन रक्षक उपकरण उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं। गहरे पानी वाले स्थानों पर लोगों के जाने पर रोक रहेगी। पुलिस प्रशासन गोताखोरों, जल पुलिस और संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर जल सुरक्षा सुनिश्चित करेगा।
आयोजन स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी के साथ आवश्यकता पड़ने पर ड्रोन कैमरों का भी इस्तेमाल किया जाएगा। भीड़ प्रबंधन के लिए क्यूआरटी और महिला पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
डीआईजी मेरठ परिक्षेत्र ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार रखते हुए किसी भी अफवाह, भ्रामक पोस्ट या संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जाए। उद्देश्य स्पष्ट है—आस्था के पर्व को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराना।



