गाजियाबाद
हिंडन एयरबेस पर धूमधाम से मनाया गया 93वां वायुसेना दिवस
‘सक्षम, सशक्त, आत्मनिर्भर’ रही थीम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गाजियाबाद : भारतीय वायुसेना ने मंगलवार को गाजियाबाद स्थित हिंडन एयरफोर्स स्टेशन पर पूरे उत्साह और गर्व के साथ अपना 93वां वायुसेना दिवस मनाया। इस अवसर पर वायुसेना के जांबाज जवानों ने आसमान में अपने अद्भुत कौशल का प्रदर्शन किया और देश की ताकत का शानदार प्रदर्शन किया।
मुख्य अतिथि वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने परेड का निरीक्षण किया और उपस्थित वायुसैनिकों को संबोधित किया। उन्होंने अपने भाषण में ‘ऑपरेशन सिंधूर’ के चार दिनों में हासिल की गई ऐतिहासिक विजय का उल्लेख करते हुए कहा कि यह ऑपरेशन भारतीय वायुसेना की शौर्यगाथा और सामरिक क्षमता का प्रतीक है।
इस वर्ष वायुसेना दिवस की थीम ‘सक्षम, सशक्त, आत्मनिर्भर’ रखी गई, जो देश की रक्षा क्षमताओं में स्वदेशीकरण और आत्मनिर्भरता के संदेश को मजबूत करती है। समारोह में ‘ऑपरेशन सिंधूर’ के वीर योद्धाओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान वायुसेना प्रमुख ने 97 वीरता पुरस्कार प्रदान किए और वायुवीरों के समर्पण, साहस और सेवा भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारतीय वायुसेना हर चुनौती का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है और आधुनिक तकनीक के साथ आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने में अग्रणी भूमिका निभा रही है।
समारोह का सबसे आकर्षक हिस्सा रहा वायुसेना के लड़ाकू विमानों और हेलीकॉप्टरों का हवाई प्रदर्शन, जिसमें राफेल, सुखोई, मिराज और तेजस जैसे विमानों ने आसमान में करतब दिखाकर दर्शकों का दिल जीत लिया। हेलीकॉप्टरों ने आसमान में तिरंगा लहराया, तो दर्शक दीर्घा में मौजूद हजारों लोगों ने जोरदार तालियों से जवानों का उत्साह बढ़ाया।
समारोह में बड़ी संख्या में सेना अधिकारी, वीर जवानों के परिवारजन, छात्र और नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने भारतीय वायुसेना के पराक्रम और अनुशासन को सलाम किया।
एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने कहा कि भारतीय वायुसेना न केवल देश की सीमाओं की रक्षा कर रही है, बल्कि मानवीय सहायता और आपदा राहत अभियानों में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।





