ललितपुर
तालबेहट के कड़ेसराकलां गांव में गिरा संदिग्ध ड्रोन
सेना और स्थानीय पुलिस ड्रोन की जांच में जुटी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
तालबेहट (ललितपुर)। थाना तालबेहट क्षेत्रांतर्गत ग्राम कडेसराकलां में मंगलवार देर रात एक भारी-भरकम ड्रोन मिलने से क्षेत्र में हड़कम्प मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस और सेना के अधिकारी मौके पर पहुंच गए और ड्रोन को अपने कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। सूत्रों के अनुसार, देर रात ग्रामीणों ने खेतों की ओर आसमान से गिरती एक वस्तु देखी, जो पास जाकर देखने पर ड्रोन निकली। देखते ही देखते मौके पर भीड़ एकत्रित हो गई। घटना की सूचना डायल 112 और तालबेहट पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षेत्र को घेराबंदी कर लिया और सेना की तकनीकी टीम को सूचना दी। बताया जा रहा है कि बरामद ड्रोन का आकार सामान्य घरेलू ड्रोन की तुलना में काफी बड़ा है और इसमें कई पंखे (ब्लेड) लगे हुए हैं। प्रथम दृष्टया यह किसी सर्वे या सैन्य प्रशिक्षण में प्रयुक्त तकनीकी उपकरण प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने ड्रोन को कब्जे में लेकर जांच के लिए तकनीकी विशेषज्ञों को सौंप दिया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ड्रोन कहां से आया और किस उद्देश्य से उड़ाया गया था। थाना प्रभारी तालबेहट ने बताया कि ड्रोन की जांच सेना और बम निरोधक दस्ते द्वारा कराई जा रही है। फिलहाल किसी विस्फोटक या संदिग्ध सामग्री का पता नहीं चला है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है और सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता बरते हुए हैं।