गाजियाबाद

गाजियाबाद में पुलिस मुठभेड़

रंगदारी मांगने वाला बदमाश घायल अवस्था में गिरफ़्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

लोनी : कमिश्नरेट गाजियाबाद की स्वाट टीम, अपराध शाखा एवं थाना टीला मोड़ पुलिस ने संयुक्त कार्यवाही करते हुए थाना वेव सिटी में दर्ज रंगदारी से संबंधित मुकदमे के वांछित अभियुक्त को पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध देशी पिस्टल .32 बोर, एक जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस, एक वीवो मोबाइल फोन (घटना से संबंधित) और एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है।
खनन पट्टे से वसूली की कोशिश, जेल में बंद दीपक का नाम आया प्रकाश में
पुलिस के अनुसार, थाना ट्रोनिका सिटी क्षेत्र के पचायरा खनन प्वाइंट पर कार्यरत ठेकेदार से मंडोली जेल, दिल्ली में बंद कुख्यात अपराधी दीपक निवासी ग्राम अगरौला, थाना ट्रोनिका सिटी द्वारा फोन पर एक लाख रुपये प्रतिमाह रंगदारी मांगी जा रही थी। दीपक और उसके साथी कैलाश सहित अन्य लोग लगातार ठेकेदार पर दबाव बना रहे थे कि उनकी रेत की गाड़ियां भरवाई जाएं, अन्यथा जान से मारने की धमकी दी गई थी।
इस संबंध में पीड़ित द्वारा थाना वेव सिटी में दीपक, कैलाश व दो अन्य के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया था।
मुठभेड़ में लगी गोली, अस्पताल में भर्ती
17 अक्टूबर की देर रात स्वाट टीम और थाना टीला मोड़ पुलिस को सूचना मिली कि वांछित अभियुक्त क्षेत्र में देखा गया है। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम हरकत में आई और उन्होंने तुरंत उसकी घेराबंदी करते हुए  उसे पकड़ने की कोशिश की, पुलिस घेराबंदी की जानकारी होने पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्यवाही में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल अभियुक्त की पहचान कैलाश पुत्र स्वर्गीय चन्द्रपाल निवासी ग्राम अगरौला, थाना ट्रोनिका सिटी, गाजियाबाद (उम्र लगभग 40 वर्ष) के रूप में हुई है।
जेल से ही संचालित हो रहा था गिरोह
पुलिस पुछताछ में कैलाश ने बताया कि उसका चाचा दीपक मण्डोली जेल से ही फोन कर ठेकेदारों को धमकाने और रंगदारी वसूलने के निर्देश देता था। दीपक के कहने पर कैलाश खुद और उसके साथी ठेकेदारों से वसूली करते थे। पुलिस ने बताया कि पुछताछ में अन्य लोगों से भी रंगदारी वसूलने की बात सामने आई है, जिसकी गहनता से जांच की जा रही है।
पुलिस कर रही आगे की कार्रवाई
अभियुक्त के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है और उसके खिलाफ थाना टीला मोड़ पर आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
गिरफ्तार करने वाली टीम
स्वाट टीम, अपराध शाखा कमिश्नरेट गाजियाबाद व टीला मोड़ थाना पुलिस
इस प्रकरण पर सहायक पुलिस आयुक्त शालीमार गार्डन श्री अतुल कुमार सिंह ने बताया कि,
> “रंगदारी के मामलों में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्यवाही जारी है। जेल में बंद अपराधियों द्वारा बाहर से रंगदारी वसूलने की कोशिशों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button