शामली
तितरवाड़ा में बाइक सवार बदमाशों की ताबड़तोड़ फायरिंग, गांव में दहशत
पांच नामजद व दो अज्ञात पर मुकदमा, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। क्षेत्र के ग्राम तितरवाड़ा में सोमवार रात बाइक सवार बदमाशों द्वारा अवैध पिस्टलों से की गई ताबड़तोड़ फायरिंग से गांव में दहशत फैल गई। हमले का वीडियो सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने पांच नामजद व दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित सरवर पुत्र अय्यूब निवासी ग्राम तितरवाड़ा के अनुसार सोमवार रात करीब सवा नौ बजे दो बाइकों पर सवार आधा दर्जन से अधिक बदमाश उसके मकान पर पहुंचे। आरोप है कि बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से हाथों में लिए अवैध पिस्टलों से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली चलने की आवाज से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। महिलाएं व बच्चे जान बचाने के लिए घरों से भागने को मजबूर हो गए। गनीमत रही कि इस दौरान कोई हताहत नहीं हुआ।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। पीड़ित परिवार दहशत में है और सुरक्षा को लेकर चिंतित है। बताया गया कि यह पहली घटना नहीं है। गत 31 दिसंबर को भी इसी गिरोह ने सरवर पर उस समय जानलेवा हमला किया था, जब वह अपने साथी मुनव्वर और भाई नदीम के साथ कार से घर लौट रहा था। उस दौरान बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी, जिसमें सरवर के हाथ में गोली लग गई थी। घायल को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया था। उस मामले में पुलिस ने सुफियान, सावेज़ और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। सोमवार को पुलिस ने आरोपी सुफियान को अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य आरोपी अभी फरार हैं। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने सावेज़ पुत्र इरफान, आवेश पुत्र तासिम, नोमान पुत्र जाहिद, आलिम पुत्र जमालू, आरिफ उर्फ पिस्टल पुत्र इनाम तथा दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समय पाल अत्री ने बताया कि प्रकरण में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।



