बेतुल

बैतूल आठनेर में नगर परिषद बनाएगी बहुमंजिला शॉपिंग कॉम्पलेक्स

युवाओं को मिलेगा रोजगार

35 साल पुराना कॉम्पलेक्स टूटेगा, नया बनेगा आठनेर का मॉडर्न मार्केट हब, न.प. अध्यक्ष सुषमा जगताप ने दी जानकारी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। नगर परिषद आठनेर अब विकास की नई इबारत लिखने जा रही है। नगर के मुख्य बस स्टैंड पर स्थित 35 साल पुराने शॉपिंग कॉम्पलेक्स को तोड़कर वहां एक आधुनिक बहुमंजिला शॉपिंग कॉम्पलेक्स का निर्माण किया जाएगा। नगर परिषद द्वारा इस संबंध में प्रस्ताव पारित कर कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है।
नगर परिषद की अध्यक्ष श्रीमती सुषमा मनोज जगताप ने बताया कि पुराने कॉम्पलेक्स के स्थान पर नवीन शॉपिंग कॉम्पलेक्स निर्माण के लिए उपयंत्री को डीपीआर तैयार करने के निर्देश दे दिए गए हैं ताकि शीघ्र अग्रिम कार्यवाही शुरू की जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुराने कॉम्पलेक्स के किरायेदारों को उनकी पूर्व स्थित दुकानों पर पुनः आवंटन किया जाएगा, जबकि शेष दुकानों की नीलामी की जाएगी ताकि नगर के युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्राप्त हो सकें।
सुषमा जगताप ने कहा कि क्षेत्रीय विधायक एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के मार्गदर्शन में आठनेर नगर में विकास को नई गति मिल रही है। नगर के युवाओं की मांग पर विधायक हेमंत खंडेलवाल के प्रयासों से ऑडिटोरियम निर्माण के लिए 69 लाख रुपए की सैद्धांतिक स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। शीघ्र ही इस कार्य के लिए निविदा आमंत्रित कर निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
– नगर परिषद आठनेर लगातार विकास की दिशा में अग्रसर
उन्होंने यह भी बताया कि परिषद पार्षदों के सुझाव पर मोक्षधाम सौंदर्यीकरण के लिए 40 लाख रुपए की लागत से डीपीआर तैयार किया गया है। वहीं, छोटे बस स्टैंड पर जनसुविधा केंद्र के लिए कार्यादेश जारी किया जा चुका है और निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा।
सुषमा जगताप ने कहा कि नगर परिषद आठनेर लगातार विकास की दिशा में अग्रसर है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कुछ लोग नगर के तेज़ी से हो रहे विकास कार्यों को देखकर नगर परिषद और भारतीय जनता पार्टी की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन जनता सब जानती है और विकास की इस यात्रा को कोई नहीं रोक सकता।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button