अमरोहा
अमरोहा में किसानों का धरना
चोरी की घटनाएं और गन्ना भुगतान पर हाइवे पर प्रदर्शन, जाम की दी चेतावनी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : बढ़ती चोरी की घटनाओं और किसानों की विभिन्न समस्याओं के विरोध में भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट ने आंदोलन शुरू कर दिया है। किसान नेशनल हाईवे-9 पर अतरासी स्थित पुल के नीचे धरने पर बैठ गए हैं।
किसानों की प्रमुख मांगों में गन्ना भुगतान का मुद्दा शामिल है। साथ ही पुलिस पर ठगी के मामलों में कार्रवाई न करने का आरोप लगाया गया है। स्कूलों के विलय का विरोध भी किसान कर रहे हैं। भाकियू टिकैत गुट के प्रदेश उपाध्यक्ष दानवीर सिंह ने चेतावनी दी है।
उन्होंने कहा कि अगर अधिकारी आकर संतोषजनक जवाब नहीं देते हैं, तो किसान हाईवे जाम करेंगे। प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। क्षेत्राधिकारी सहित भारी पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया है। वर्तमान में कई अधिकारी धरना स्थल पर पहुंच गए हैं और किसानों से वार्ता कर रहे हैं।



