गाजियाबाद

लोनी विधायक नंदकिशोर गूर्जर ने लगाया आरोप 

“नगरपालिका अधिकारियों और चेयरमैन की लापरवाही से हुआ जलभराव”

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

31 अक्टूबर को हुए जलभराव के बाद एक बार फिर विधायक ने इस जलभराव के लिए नगरपालिका के अधिकारी और चैयरमैन को दोषी ठहराया है उन्होंने कहा क वर्ष 2021 में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले शिव बिहार मेट्रो स्टेशन के पास सड़क पर हुए जलभराव का मामला एक बार फिर चर्चा में है। बताया जा रहा है कि उस समय नालों को जानबूझकर अवरुद्ध कर सड़क पर पानी भरने की साजिश रची गई थी, ताकि चुनाव के दौरान पार्टी के उम्मीदवार को जनता के विरोध का सामना करना पड़े और उसका ग्राफ गिर जाए। इस पूरे प्रकरण में लोनी के तत्कालीन नगरपालिका चेयरमैन का नाम भी सामने आया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, शिव बिहार मेट्रो स्टेशन से सटे मुख्य मार्ग पर हमेशा से ही भारी यातायात रहता है। हजारों की संख्या में वाहन और नागरिक इस मार्ग से प्रतिदिन गुजरते हैं। लेकिन नालों की सफाई न होने और सीवर लाइन टूटने के कारण हर बारिश में यहां जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।
लोनी के विधायक नंदकिशोर गूर्जर ने इस मुद्दे पर नगरपालिका प्रशासन और पूर्व चेयरमैन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि,
> “चुनाव के समय जानबूझकर नालों को बंद कराया गया, ताकि जनता में मेरी और पार्टी की छवि खराब की जा सके। उस समय मैंने अपने प्रयासों से इस सड़क को बनवाया था, लेकिन नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी और चेयरमैन ने नालों की सफाई पर कोई ध्यान नहीं दिया, जिसके कारण बार-बार सड़क पर पानी भर जाता है और सड़क टूटने लगती है।”
विधायक गूर्जर ने आगे कहा कि,
> “मैंने दोबारा धनराशि स्वीकृत कराकर इस मार्ग की मरम्मत भी कराई, लेकिन नगरपालिका के जनप्रतिनिधि और अधिकारियों की मिलीभगत से सफाई व्यवस्था पूरी तरह चौपट है। सीवर और नालों के जाल टूटे पड़े हैं, जिससे नालियां लगातार अवरुद्ध हो रही हैं और बदबू फैल रही है। आश्चर्य की बात है कि चेयरमैन खुद इसी मार्ग से प्रतिदिन गुजरते हैं, फिर भी उन्हें बंद पड़े नाले नहीं दिखाई देते।”
विधायक ने यह भी बताया कि इस मार्ग की मरम्मत के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) से मार्च माह में अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) प्राप्त कर लिया गया था, लेकिन नगरपालिका चेयरमैन ने जानबूझकर उस फाइल पर हस्ताक्षर नहीं किए। इससे मरम्मत कार्य शुरू नहीं हो सका और नागरिकों को भारी जलभराव की समस्या का सामना करना पड़ा।
नंदकिशोर गूर्जर ने स्पष्ट कहा कि,
> “यह सब कुछ सुनियोजित तरीके से मेरी छवि खराब करने की कोशिश थी। लेकिन लोनी की जनता सच्चाई जानती है। मैंने प्रदेश के मुख्यमंत्री को दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों की जानकारी भेज दी है, ताकि उनके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जा सके।”
विधायक ने यह भी आश्वासन दिया कि बिहार चुनाव से वापस लौटते ही इस मार्ग पर पुनः निर्माण कार्य कराया जाएगा, जिससे क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।
स्थानीय नागरिकों की मांग है कि नगरपालिका प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल नालों की सफाई कराए और स्थायी समाधान निकाले, ताकि हर साल होने वाले जलभराव से लोगों को मुक्ति मिल सके।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button