गाजियाबाद
डी एल एफ अंकुर बिहार क्षेत्र में पार्क की चारदीवारी का निर्माण बीच में रुका
मामले की जांच में जुटा प्रशासन
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी गाजियाबाद : नगरपालिका परिषद के वार्ड 33 के डीएलएफ, अंकुर विहार क्षेत्र में एस.एल.एफ. रोड, गंगेश्वर मार्ग पर स्थित पार्क की भूमि पर कब्जे की कोशिश का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, पास के ही एक भू-स्वामी ने अपनी दबंगई दिखाते हुए पार्क की जमीन के एक हिस्से पर आमने-सामने दो बड़े लोहे के दरवाजे लगवा दिए हैं। इसके चलते नगर पालिका परिषद द्वारा पार्क की चारदीवारी का निर्माण कार्य बीच में ही रोक दिया है।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक,एस एल एफ कालोनी में पशुपति मंदिर के पास लगभग 3-4 बीघा भूमि पार्क के लिए शासन द्वारा छोड़ी गई है। नगर पालिका ने क्षेत्रवासियों की सुविधा और सौंदर्यीकरण के उद्देश्य से वहां घास, पौधे और पेड़ लगाने की योजना बनाई थी। इसी के तहत पार्क की चारदीवारी का काम शुरू कराया गया था, लेकिन कुछ लोगों द्वारा कब्जे के इस प्रयास ने पूरा प्रोजेक्ट अधर में डाल दिया।
बताया जा रहा है कि गेट लगवाने वाला व्यक्ति पार्क के पीछे की सटी हुई जमीन का मालिक है और उसने पार्क की जमीन को भी अपना बताते हुए निर्माण कार्य रुकवा दिया। फिलहाल मामला जांच के अधीन है। अब देखना होगा कि जांच के बाद प्रशासन क्या कदम उठाता है।


