
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। भारतीय हॉकी के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जहां पूरे देशभर में जश्न का माहौल है। वहीं, गोड्डा में भी इस गौरवशाली अवसर को उत्साह और खेल भावना के साथ मनाया जा रहा है। गोड्डा के बैथेल मिशन ग्राउंड में हॉकी गोड्डा की ओर से गोल्डन जुबिली सेलिब्रेशन का आयोजन किया गया। जिसमें जिले के विभिन्न स्कूलों, क्लबों और हॉकी खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलन और राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुई। इसके बाद खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट कर भारतीय हॉकी के शताब्दी वर्ष को सलामी दी। आयोजन स्थल पर “एक सदी – हॉकी के नाम” थीम पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। खिलाड़ियों के बीच मैत्रीपूर्ण प्रदर्शनी मैच भी खेला गया। जिसमें युवा खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि भारतीय हॉकी देश की खेल संस्कृति की पहचान है और गोड्डा जैसे जिलों में भी इस खेल को नई ऊंचाई देने की जरूरत है। कार्यक्रम में जिला खेल पदाधिकारी, हॉकी एसोसिएशन के पदाधिकारी, प्रशिक्षक, शिक्षक और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे। आयोजन के अंत में उत्कृष्ट खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।



