सिंगरौली

जिला अस्पताल की सफाई व्यवस्था पर कलेक्टर सख्त

सुधार के लिए सिविल सर्जन को 7 दिन की मोहलत

औचक निरीक्षण में कॉमन एरिया में मिली गंदगी, सफाई ठेकेदार को नोटिस देने और सुधार नहीं होने पर अनुबंध निरस्त करने के निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सिंगरौली। नवागत कलेक्टर अंकित अस्थाना ने गुरुवार को जिला अस्पताल सह ट्रामा सेंटर का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अस्पताल के कॉमन एरिया में गंदगी और बदहाल सफाई व्यवस्था देखकर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने सिविल सर्जन को व्यवस्थाओं में सुधार के लिए 1 सप्ताह का समय देते हुए स्पष्ट किया कि तय अवधि में सुधार नहीं हुआ तो इसकी जवाबदेही संबंधित अधिकारियों की होगी।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सफाई व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया। उन्होंने संबंधित सफाई ठेकेदार को तत्काल नोटिस जारी करने और व्यवस्था सुधारने का अवसर देने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि 1 सप्ताह बाद भी सफाई व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं दिखा तो ठेकेदार का अनुबंध निरस्त करने की कार्रवाई की जाए। कलेक्टर ने साफ किया कि अस्पताल में स्वच्छता और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

दीपावली से पहले बर्न यूनिट की तैयारियों का लिया जायजा
दीपावली पर्व को देखते हुए कलेक्टर ने अस्पताल की बर्न यूनिट का विशेष निरीक्षण किया। उन्होंने आग से झुलसने वाले संभावित मरीजों के उपचार के लिए उपलब्ध बेड, दवाओं और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि आपात स्थिति में मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी रखी जाएं।

वार्ड बॉय और सुरक्षा गार्डों की भर्ती के लिए नया टेंडर
निरीक्षण में सामने आया कि अस्पताल में वार्ड बॉय और सुरक्षा गार्डों की तैनाती से संबंधित अनुबंध की अवधि समाप्त हो चुकी है। इस पर कलेक्टर ने कागजी प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर नया टेंडर जारी करने और आवश्यक कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान अस्पताल में उपचार कराने पहुंचे कुछ मरीजों ने कलेक्टर से ओपीडी में डॉक्टरों के निर्धारित समय पर उपस्थित नहीं रहने की शिकायत भी की। कलेक्टर ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अस्पताल प्रबंधन को व्यवस्थाओं में सुधार और डॉक्टरों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button