गोड्डा
कुप्रथा को खत्म करने के लिए शिक्षा जरुरी : डालसा
बाल दिवस पर डालसा की ओर से कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में विधिक शिविर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर बाल दिवस पर सदर प्रखंड के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय परिसर में विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन किया गया। डालसा टीम में शामिल अधिकार मित्र सह पीएलवी नवीन कुमार व अविनाश कुमार सिंहा ने छात्राओं को बाल अधिकार से संबंधित कानूनी पहलुओं की जानकारी दी। कहा कि जागरुक होने से ही समाज से कुप्रथा समाप्त हो सकेगी। इसके लिए शिक्षा की बहुत जरुरत है। शिक्षित समाज से ही विकास संभव है। उन्होंने कहा कि अपने बच्चों को पढ़ने के लिए स्कूल जरुर भेजें। कम उम्र के बच्चों से मजदूरी नहीं करायें। बच्चों से मजदूरी कराना कानूनन अपराध है। स्थानीय स्तर पर बच्चों की पढ़ाई के लिए पठन-पाठन की बेहतर व्यवस्था है। बच्चों का बचपन बचाने के लिए ही सरकार की ओर से स्थानीय स्तर पर विद्यालय की स्थापना की गई है। शिक्षा के अधिकार को कानूनी जामा पहनाया गया है। आज विद्यालयों में मध्याह्न भोजन , पोशाक , साइकिल व छात्रवृति की भी व्यवस्था है। कम उम्र में शादी नहीं करें और न ही बाल श्रम करें। 18 वर्ष तक बच्चों के हाथों में सिर्फ किताबें होनी चाहिए। किसी के बहकावे में दूसरे शहरों में पठन-पाठन व काम की तलाश में नहीं जाएं। दलाल के हाथ में पड़कर जीवन बेकार हो जाएगा। पढ़ लिखकर ही सही उम्र पर अपनी शादी करें। कार्यक्रम की अध्यक्षता वार्डेन स्नेहलता पाठक ने किया। मौके पर विनिता मुर्मू, उर्मिला किस्कू, राहुल कुमार, हेमंत कुमार झा, जयकृष्ण यादव, जानकी कुमारी, रीतू कुमारी, शीला कुमारी आदि उपस्थित थे।




