मेले में उमड़ी भारी भीड़, लोगों ने की खरीदारी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमेठी। तहसील क्षेत्र के संग्रामपुर थाना अंतर्गत विशेश्वरगंज बाजार में काली माई मेले में भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दूरदराज से आए लोगों ने मेले का खूब आनंद लिया। सुबह से ही मेलार्थियों की आवाजाही शुरू हो गई थी, जो दिनभर बनी रही।
मेले में लगी दुकानों पर खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। विशेषकर ऊनी कपड़ों और जैकेट की दुकानों पर भारी भीड़ देखी गई। ठंड के मौसम को देखते हुए महिलाओं और युवाओं ने स्वेटर, शॉल, टोपी और जैकेट की जमकर खरीदारी की, जिससे दुकानदारों के चेहरे पर खुशी दिखी।
बच्चों ने भी मेले का भरपूर लुत्फ उठाया। झूले, ड्रैगन ट्रेन, ब्रेक डांस और मिनी फेरिस व्हील पर बच्चों की भीड़ पूरे दिन बनी रही। शाम होते-होते मेले में रौनक अपने चरम पर पहुंच गई और दुकानों के आसपास पैर रखने की जगह नहीं बची।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखाई दिया।अमेठी के क्षेत्राधिकारी मनोज कुमार मिश्र ने मेले का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। उनके साथ संग्रामपुर थाने की पुलिस टीम भी चप्पे-चप्पे पर निगरानी रख रही थी। पुलिस बूथों पर तैनात जवान लगातार भीड़ पर नजर बनाए हुए थे, जिससे मेलार्थियों में सुरक्षा का भरोसा बना रहा।

