गाजियाबाद
वलीमा में व्यस्त परिवार, चोरों ने किया 20 लाख पर हाथ साफ
लोनी पुलिस की नाक के नीचे बड़ी चोरी, गश्त सिर्फ कागजों में
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी। लोनी थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह बेपटरी होती नजर आ रही है। अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब वे पुलिस को खुली चुनौती देते हुए वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, जबकि पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है। असलम अली जिम के पास अज्ञात बदमाशों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए और पुलिस को भनक तक नहीं लगी।
पीड़ित गृहस्वामी अंसार अली के घर वलीमा कार्यक्रम था। 22 दिसंबर की रात पूरा परिवार सैफी मैरिज होम में मौजूद था। इसी दौरान चोरों ने सुनसान घर को अपना आसान शिकार बनाया और दूसरी मंजिल पर रखी सेफ अलमारी के ताले तोड़कर कीमती जेवरात समेट लिए। वारदात रात लगभग 12 बजे की बताई जा रही है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस समय चोरी हुई, उस वक्त पुलिस गश्त आखिर कहां थी? पुलिस द्वारा रातभर गश्त के दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि चोर बिना किसी डर के वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर जरूर पहुंची, लेकिन तब तक बदमाश पुलिस को ठेंगा दिखा चुके थे।
घटना के बाद इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि लोनी क्षेत्र में चोरी, लूट और अपराध अब आम बात हो गई है, लेकिन पुलिस सिर्फ औपचारिक जांच और आश्वासन तक सीमित रह गई है। लोगों का आरोप है कि पुलिस की लापरवाही और निष्क्रियता ने अपराधियों को खुली छूट दे रखी है।
क्षेत्रवासियों ने सवाल उठाया है कि जब पुलिस अपराध रोकने में नाकाम साबित हो रही है, तो आम नागरिक अपनी सुरक्षा किसके भरोसे छोड़े? लोगों ने मांग की है कि सिर्फ कागजी कार्रवाई नहीं, बल्कि ठोस पुलिस गश्त, सक्रिय निगरानी और सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि अपराधियों में कानून का भय पैदा हो सके।
अब देखना यह है कि लोनी पुलिस इस सनसनीखेज चोरी का खुलासा कर पाती है या यह मामला भी अन्य मामलों की तरह फाइलों में दबकर रह जाएगा।



