बेहजम में बाबा गौरी शंकर मंदिर का पवित्र तीर्थ बदहाली का शिकार, गंदगी से श्रद्धालु परेशान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लखीमपुर-खीरी,बेहजम।बेहजम कस्बे स्थित प्रसिद्ध बाबा गौरी शंकर मंदिर परिसर में बने पवित्र तीर्थ स्थल की बदहाल स्थिति श्रद्धालुओं की आस्था पर भारी पड़ती नजर आ रही है। तीर्थ स्थल में गंदगी का अंबार लगा हुआ है और गंदा पानी भरा रहने से चारों ओर दुर्गंध फैल रही है, जिससे दर्शन व पूजा-पाठ के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय लोगों और नियमित रूप से मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं का कहना है कि तीर्थ स्थल के भीतर कई स्थानों पर कूड़े के ढेर जमा हैं, लेकिन मंदिर की संबंधित समिति और जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा सफाई व्यवस्था पर कोई ठोस ध्यान नहीं दिया जा रहा है।पवित्र स्थल की इस उपेक्षा से न केवल धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं, बल्कि स्वच्छता और स्वास्थ्य को लेकर भी चिंता बढ़ती जा रही है।श्रद्धालुओं का कहना है कि बाबा गौरी शंकर मंदिर क्षेत्र में दूर-दराज से लोग दर्शन के लिए आते हैं, ऐसे में तीर्थ स्थल की यह दुर्दशा मंदिर की प्रतिष्ठा को भी नुकसान पहुंचा रही है। लोगों ने प्रशासन और मंदिर समिति से मांग की है कि जल्द से जल्द नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, गंदे पानी की निकासी कराई जाए और तीर्थ की पवित्रता व स्वच्छता बनाए रखने के लिए स्थायी इंतजाम किए जाएं।अब देखना यह होगा कि श्रद्धालुओं की इस जायज मांग पर संबंधित विभाग और मंदिर समिति कब तक संज्ञान लेती है और पवित्र तीर्थ स्थल को फिर से स्वच्छ व श्रद्धा के अनुरूप स्वरूप प्रदान किया जाता है।



