प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने लखीमपुर खीरी में विकास योजनाओं की समीक्षा की, डीएम की पहल की सराहना

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लखीमपुर खीरी। 24 जनवरी अपने निर्धारित भ्रमण कार्यक्रम के तहत प्रदेश के प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल जनपद लखीमपुर खीरी पहुंचे। जनपद आगमन पर जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल, पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग तथा मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक कुमार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
अटल सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में प्रभारी मंत्री ने जिले में संचालित विकास कार्यों और योजनाओं की विभागवार प्रगति की गहन समीक्षा की। बैठक में जनप्रतिनिधियों सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पहुंचे। उन्होंने कहा कि जिले में शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन हो रहा है, इसे और बेहतर बनाया जाए ताकि कोई भी पात्र लाभ से वंचित न रहे।
बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024-25 के अंतर्गत स्वीकृत 131 केंद्र 31 मार्च तक तथा वर्ष 2025-26 के 78 केंद्र अप्रैल माह तक अनिवार्य रूप से पूर्ण किए जाएं।
लोक निर्माण विभाग की समीक्षा में स्वीकृत परियोजनाओं में नियमानुसार निविदा प्रक्रिया पूर्ण कर मार्च से कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए गए। वहीं जल जीवन मिशन की समीक्षा में जिन परियोजनाओं में टैंक का कार्य पूर्ण हो चुका है, वहां शेष कार्य युद्ध स्तर पर पूरा कर योजनाओं को शीघ्र क्रियाशील करने को कहा गया।
डीआईओएस से प्रोजेक्ट अलंकार के तहत चयनित विद्यालयों की अद्यतन स्थिति जानी गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मेडिकल कॉलेज के हॉस्पिटल विंग में विद्युत संयोजन से जुड़ी बाधाओं के समाधान हेतु कार्यदायी संस्था एवं उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड को 15 दिनों के भीतर समाधान सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी एवं ग्रामीण), बेसिक व माध्यमिक शिक्षा, कृषि सहित अन्य महत्वपूर्ण विभागों की योजनाओं की भी विस्तृत समीक्षा की गई।
डीएम के ‘चौगुर्जी मॉडल’ की सराहना
बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री ने भारत–नेपाल सीमा क्षेत्र के मोहाना और करनाली नदी पार बसे गांवों के समग्र विकास हेतु डीएम द्वारा अपनाए गए ‘चौगुर्जी मॉडल’ की सराहना की। उन्होंने चौगुर्जी गांव पर आधारित डॉक्यूमेंट्री देखी और जीवनस्तर सुधार की इस रणनीति को अनुकरणीय बताया।
बजट की उपलब्धियों पर प्रेस ब्रीफिंग
बैठक के उपरांत प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने मीडिया को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के बजट की प्रमुख उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रस्तुत बजट जनकल्याण और विकास को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है। बजट के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में तेजी लाई जा रही है, जिससे योजनाओं का लाभ आमजन तक समय पर और प्रभावी रूप से पहुंचे।




